प्रयागराज के जॉर्ज टाउन में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला अतिथि गृह ढहा, बड़ा हादसा टला
प्रयागराज के जॉर्ज टाउन में स्थित स्वामीनारायण मंदिर का एक हिस्सा शुक्रवार देर रात ढह गया, जिससे परिसर में हड़कंप ...और पढ़ें
HighLights
प्रयागराज के जॉर्ज टाउन में मंदिर का हिस्सा गिरा।
स्वामीनारायण मंदिर में शुक्रवार देर रात हादसा हुआ।
हादसे के वक्त कोई मौजूद नहीं था, जनहानि टली।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज के जार्ज टाउन में स्थित स्वामीनारायण मंदिर का एक हिस्सा शुक्रवार देर रात ढह गया, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। हादसे के समय कोई मौजूद नहीं होने से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। 25 दिन पहले मंदिर के बगल 200 वर्ग मीटर के दायरे में मकान बनाने के लिए जमीन की खोदाई कर दी गई थी।
पानी भरने से मंदिर की नींव दर गई
लगातार बारिश के कारण खाेदे गए गड्ढे में पानी भर गया। पानी भरने से मंदिर की नींव दर गई और मंदिर भरभरा कर गिर गई। कुछ दिन पहले इसी खोदाई के कारण बंसल भवन परिसर की बाउंड्री और नगर निगम की ओर से बनाई गई कच्ची सड़क बह गई थी।

25 दिन पहले भवन की दरक गई थी नींव
करीब 25 दिन पहले भवन की नींव में दरार आने लगी थी। इसके बाद पूरा भवन पूरब दिशा की ओर झुक गया था। शुक्रवार रात अचानक 12 कमरों का तीन मंजिल भवन भरभराकर नीचे आ गिरा। कुछ ही देर में तीन मंजिलों का हिस्सा मलबे में बदल गया। मंदिर के कोठारी कमलेश भगत ने बताया कि अतिथि गृह की तीन मंजिलों में 12 कमरे सन 2012-13 बनाए गए थे। सभी कमरों में डेढ़ से दो टन क्षमता के एसी लगे थे। भवन गिरने के बाद कमरों में रखा सामान निकालने का भी मौका नहीं मिल सका। उन्होंने करीब 10 से 12 लाख रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान बताया।
नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना पर नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नगर निगम के अवर अभियंता राम सक्सेना का कहना है कि मौके पर नगर निगम की ओर से स्थलीय निरीक्षण किया गया है। रिपोर्ट तैयार कर खोदाई करने वाले के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए जागरण के साथ।
