Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Census 2027 : जनगणना से ड्यूटी कटवाने वालों की होगी चिकित्सकीय जांच, प्रयागराज प्रशासन की सख्ती

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Thu, 23 Apr 2026 09:23 PM (IST)

    प्रयागराज में जनगणना-2027 की ड्यूटी से छूट पाने के लिए बड़ी संख्या में कर्मियों ने आवेदन किया है, जिसमें स्वास्थ्य संबंधी बहाने भी शामिल हैं। प्रशासन ...और पढ़ें

    प्रयागराज प्रशासन ने जनगणना 2027 से ड्यूटी से नाम कटवाने के लिए कर्मियों को मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा।

    प्रयागराज प्रशासन ने जनगणना 2027 से ड्यूटी से नाम कटवाने के लिए कर्मियों को मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा।

    HighLights

    1. मेडिकल बोर्ड का कराया जा गठन, एडीएम वित्त ने सीएमओ को भेजा पत्र

    2. तहसीलों, नगर निकायों में सैकड़ों लोगों ने ड्यूटी कटवाने को दिया आवेदन

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जिले में जनगणना के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जनगणना करने वाले प्रगणकों (गणनकों) और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। उनकी ट्रेनिंग भी तहसीलवार व नगर निकाय वार शुरू करा दी गई है।

    लगभग 17 हजार प्रगणकों और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें काफी संख्या में इन कार्मिकों ने तरह-तरह के बहाने बताकर ड्यूटी कटवाने के लिए आवेदन किया है। इसके लिए कई तरह की सिफारिश भी कराई जा रही है। बीमारी का बहाना बताने वाले कार्मिकों की चिकित्सकीय जांच होगी। इसके लिए मेडिकल बोर्ड का गठन कराया जा रहा है।

    जनगणना के लिए पिछले डेढ़ माह से कार्मिकों की ड्यूटी लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। सबसे ज्यादा शिक्षा विभाग का स्टाफ ड्यूटी में लगा है। सभी विभागों के विभागाध्यक्ष की ओर से कार्मिकों की सूची तैयार कराई गई है। नगर निगम, नगर पंचायतों तथा तहसीलवार ड्यूटी लगाए जाने के बाद से ही काफी संख्या में कार्मिकों द्वारा बहाने बताकर ड्यूटी कटवाने के आवेदन लगे।

    अब ट्रेनिंग शुरू हुई तो आवेदनों की संख्या और भी बढ़ गई। तमाम लोग ड्यूटी कटवाने के लिए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। जिला जनगणना अधिकारी तथा एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने सीएमओ को पत्र भेजकर मेडिकल बोर्ड गठित करने को कहा है।

    खबरें और भी

    बोर्ड की अनुशंसा पर ही ड्यूटी काटी जाएगी। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का काम होना है। जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना के कार्य अति महत्वपूर्ण है। इसके लिए बड़ी संख्या में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।

    इसके लिए लगाए गए कई प्रगणक व पर्यवेक्षक स्वास्थ्य खराब होना बताकर अपनी ड्यूटियां कटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। वह स्वास्थ्य कारणों के चलते ड्यूटी कटवाना चाह रहे हैं या कुछ और वजह है, इसकी जांच के लिए सीएमओ की अध्यक्षता में मेडिकल बोर्ड गठित किया जाएगा।

    मेडिकल बोर्ड अगर कार्मिकों को ड्यूटी करने में असमर्थ बताता है तो उनकी जनगणना से ड्यूटी काटने पर विचार किया जाएगा। मेडिकल बोर्ड गठित करने के लिए सीएमओ को पत्र भेज दिया गया है।