प्रयागराज में जब्त नकली नोट का नमूना और इलेक्ट्रानिक उपकरण फोरेंसिक लैब भेजा, आरोपितों पर कसेगा शिकंजा
प्रयागराज पुलिस ने नकली नोटों के मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए जब्त किए गए नोटों और उपकरणों को फोरेंसिक लैब भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर आर ...और पढ़ें

प्रयागराज में सरायइनायत पुलिस ने जब्त किया नकली नोट। जागरण आर्काइव
HighLights
रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपितों पर कसेगा कानूनी शिकंजा
गिरोह का सरगना गिरफ्त से दूर, एटीएस खंगाल रही ब्योरा
पुलिस ने 4 को गिरफ्तार कर 118000 के नकली नोट बरामद किए थे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय नकली नोट के मामले में पुलिस अब अभियुक्तों पर कठोर कानूनी कार्रवाई के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने लगी है। इसके तहत नकली नोट का नमूना, लैपटाप, प्रिंटर, मोबाइल सहित दूसरे इलेक्ट्रानिक उपकरण को जांच के लिए फोरेंसिक लैब (एफएसएल) भेजा गया है।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आरोपिातें पर कार्रवाई करेगी
वहां विशेषज्ञ नकली नोट की गुणवत्ता, लैपटाप व मोबाइल में उपलब्ध डाटा का विश्लेषण करते हुए रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसके बाद उस रिपोर्ट को पुलिस के पास भेजा जाएगा। एफएसएल से रिपोर्ट मिलने पर नकली नोट छापने वाले सभी आरोपितों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर सकेगी।
सरगना इनामी सपा नेता फरार है
उधर, गिरोह का सरगना इनामी सपा नेता विवेक यादव अभी भी गिरफ्त से दूर है। उसकी तलाश में प्रयागराज के अलावा देवरिया पुलिस भी जुटी है लेकिन सफलता नहीं मिली है। नकली नोट के जरिए भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर बनाने का मामला होने के कारण आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) भी ब्यौरा खंगाल रही है।
सरायइनायत थाना पुलिस ने किया था भंडाफोड़
एक सप्ताह पहले सरायइनायत थाना पुलिस ने भदोही निवासी राहुल यादव, विवेक कुमार यादव और देवरिया के नरेंद्र यादव उर्फ विराट, धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार करते हुए नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया था। अभियुक्तों के कब्जे से एक लाख 18 हजार रुपये की नकली नोट, बनाने के उपकरण समेत अन्य सामान बरामद किया गया था।
खबरें और भी
नकली नोट छापने की फैक्ट्री चल रही थी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में पता चला था कि गिरोह का सरगना देवरिया निवासी विवेक यादव है, जो अपने यहां नकली नोट छापने की फैक्ट्री चला रहा था। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने तलाश शुरू की। गिरफ्तारी नहीं होने पर विवेक और उसके सहयोगी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
क्या बोले थानाध्यक्ष सरायइनायत?
फिलहाल थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि नकली नोट का नमूना और इलेक्ट्रानिक उपकरण को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।