माफिया अतीक अहमद का बेटा अली प्रयागराज कोर्ट में पेश, बयान दर्ज; बोला- वादी मुकदमा जेल में आकर मिला था
माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को झांसी जेल से प्रयागराज की जिला अदालत में पेश किया गया, जहाँ ...और पढ़ें
HighLights
झांसी जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज की जिला अदालत लाया गया
सह अभियुक्त असाद की भी पेशी, समर्थकों की गहमागहमी, पुलिस रही मुस्तैद
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। झांसी जेल में निरुद्ध माफिया अतीक के बेटे अली अहमद की पेशी सोमवार को जिला अदालत में हुई। यहां अभियुक्त अली ने कोर्ट से कहा कि वादी मुकदमा उससे जेल में आकर मिला था। अली के साथ मुकदमे के सहअभियुक्त असाद कालिया की भी पेशी हुई।
बयान दर्ज होने के बाद पुलिस अली को ले गई झांसी
मुकदमे की सुनवाई के दौरान कचहरी परिसर में वकीलों और समर्थकों की गहमागहमी रही। सुरक्षा को देखते हुए कचहरी में अतिरिक्त पुलिस तैनात रही। अभियुक्त का बयान दर्ज होने के बाद पुलिस प्रिजन वैन में अली को लेकर झांसी चली गई। कसारी-मसारी निवासी अफजल ने 11 अगस्त 2023 को करेली थाने में अली अहमद, अल्तमस, असाद व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि जमीन के कब्जे के विरोध में अल्तमस समेत अन्य लोगों ने रास्ते में रोक लिया। जान से मारने की नीयत से हमला किया। ललकारते हुए कहा कि जेल से अली व असाद ने सूचना भिजवाई है कि प्लाटिंग करनी है तो 30 लाख रुपये देने पड़ेंगे।

कौशांबी में प्रिजन वैन और समर्थकों की हुई जांच
झांसी से प्रयागराज ले जाते समय पुलिस ने अतीक के बेटे अली के प्रिजन वैन और कुछ समर्थकों की गाड़ियों की जांच की। अलग-अलग इनपुट के आधार पर पुलिस की ओर से सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी की गई थी। सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने प्रिजन वैन के आगे-पीछे चलने वाले वाहनों की जांच-पड़ताल की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। चर्चा यह भी रही है कि अली के प्रिजन वैन के पीछे उसके छोटे भाई अहजम ने भी अपनी कार लगा रखी थी, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। एएसपी अमिता सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को अलर्ट किया गया था।

सोमवार सुबह झांसी जेल से लाया गया अली
उस मुकदमे में पुलिस की ओर से चार्जशीट दाखिल है और न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार सुबह झांसी जेल से पुलिस अभिरक्षा में अली अहमद को प्रिजन वैन के जरिए जिला अदालत लाया गया। इसके बाद अपर जिला जज शैलेंद्रमणि त्रिपाठी की कोर्ट में पेशी हुई। जबकि दूसरे जेल से असाद कालिया को लाकर पेश किया गया। इस दौरान तमाम अधिवक्ता और समर्थक कोर्ट परिसर में भी मौजूद रहे। एसीपी, इंस्पेक्टर समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सुरक्षा-व्यवस्था में मुस्तैद थे। मुकदमे में बयान अंकित होने के बाद पुलिस अभियुक्त अली को लेकर वापस झांसी जेल चली गई।
भाई के जनाजे में शामिल हुआ था अली
बीते माह पैरोल मिलने के बाद झांसी जेल से अली को छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए लाया गया था। लखनऊ जेल से उमर भी आया था। दोनों के तमाम समर्थकों ने प्रयागराज, प्रतापगढ़ और फतेहपुर में टोल प्लाजा पर आपराधिक घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने मुकदमा लिखकर छह गाड़ियों को सीज किया, लेकिन किसी समर्थक की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।

अली से मिलने जेल जाते समय सड़क हादसे में अबान की हुई थी मौत
अबान भी झांसी जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जा रहा था, तभी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अली का बड़ा भाई उमर भी लखनऊ जेल से प्रयागराज में लाया गया था। उसके भी समर्थकों ने टोल प्लाजा पर अपराधी घटना को अंजाम दिया था ।
