प्रयागराज में सराफा व्यापारी से बदमाशों ने लूटी थी सिर्फ रिवाल्वर, आभूषण दुकान में ही मिला, एक गिरफ्तार
प्रयागराज के मांडा में आभूषण व्यवसायी से हुई लूट मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लूटी गई रिवाल्वर बरामद किया। व्यापारी प्रदीप सोनी से 24 फ ...और पढ़ें

पुलिस लाइन में गिरफ्तार लूट के आरोपित के बारे में जानकारी देते डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव। सौजन्य : मीडिया सेल
HighLights
प्रयागराज के मांडा में आभूषण कारोबारी से हुई लूट का राजफाश
एक बदमाश ने न्यायालय में किया समर्पण, दूसरे की तलाश में दबिश
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। चकडीहा पंचायत भवन के पास सप्ताह भर पहले आभूषण कारोबारी के साथ हुई लूट की घटना का मांडा पुलिस ने मंगलवार को राजफाश किया। एक आरोपित को गिरफ्तार कर लूटी गई रिवाल्वर बरामद की, तमंचा-कारतूस भी उसके पास मिला। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों का नाम बताया। एक ने घटना के दूसरे दिन ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है जबकि तीसरा फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नई बाजार भारतगंज के आभूषण व्यापारी से लूट मामला
नई बाजार भारतगंज निवासी प्रदीप सोनी आभूषण व्यवसायी हैं। 24 फरवरी की देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय चकडीहा पंचायत भवन के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बट से मारकर उनसे लूट की घटना को अंजाम दिया था। प्रदीप के भाई रंजीत कुमार सोनी ने मांडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि उनके भाई के पास बैग में रखे करीब 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, एक लाख रुपये नकद व लाइसेंसी रिवाल्वर बदमाश लूट ले गए हैं।
छानबीन में आभूषण दुकान में रखे थे
बदमाशों की तलाश में पांच टीमों का गठन किया गया था। मंगलवार को पुलिस लाइन में डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद छानबीन शुरू हुई तो पता चला कि दुकान में ही सोने-चांदी के आभूषण व रुपये रखे थे। बदमाशों ने सिर्फ रिवाल्वर लूटा था।
पुलिस ने एक आरोपित को किया गिरफ्तार
सोमवार देर रात हाटा-गिरधरपुर मार्ग में जंगल के पास से अंकित गौतम निवासी कटरा कोड़हार, नवाबगंज को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूटी गई रिवाल्वर बरामद की गई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह और उसके साथी अंशू दुबे निवासी कसारी कौड़िहार, अटरमपुर, नवाबगंज व छैला बाबू सरोज निवासी बरैज श्रृंग्वेरपुर, नवाबगंज ने बाजार में रेकी की थी।
खबरें और भी
एक आरोपित कोर्ट में कर चुका है आत्मसर्पण
प्रदीप सोनी जब दुकान बंद कर घर की ओर निकले तो रास्ते में वारदात को अंजाम दिया गया था। उसने यह भी बताया कि उसके साथी अंशू दुबे ने एक पूरे मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर घटना के दूसरे दिन ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। डीसीपी ने बताया कि छैला बाबू फरार है। शीघ्र उसकी गिरफ्तारी न होने पर इनाम घोषित किया जाएगा।
फरवरी में आए थे जेल से बाहर
तीनों ने पिछले वर्ष नवाबगंज क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम दिया था। नवाबगंज पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा था। कई माह तक तीनों जेल में थे और अभी कुछ समय पहले फरवरी में जमानत पर जेल से बाहर आए थे।