IPL और प्रो-कबड्डी खेलने वाले रेलवे के खिलाड़ियों के लिए बदले नियम, 7 दिन के अंदर निपटाना होगा ये जरूरी काम
रेलवे ने आईपीएल, प्रो-कबड्डी जैसी पेशेवर लीगों में खेलने वाले अपने खिलाड़ियों और कोचों के लिए नए नियम लागू किए हैं। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग), प्रो-कबड्डी और पेशेवर फुटबाल लीग आईएसएल (इंडियन सुपर लीग) जैसी बड़ी लीगों में खेलने वाले रेलवे के खिलाड़ियों और कोचों के लिए नियम कड़े कर दिए गए हैं।
अब खिलाड़ियों को मैदान पर उतरने से पहले 'सात दिन' की दो अहम समय-सीमाओं (डेडलाइन) का पालन करना होगा। जैसे ही कोई खिलाड़ी या कोच किसी प्रोफेशनल लीग की नीलामी (ऑक्शन) में चुना जाता है, तो उसे सात दिनों के भीतर अपने रेलवे जोन या स्पोर्ट्स एसोसिएशन को लिखित में इसकी जानकारी देनी होगी। इसके अलावा, लीग मैच शुरू होने से कम से कम सात दिन पहले खिलाड़ी के हाथ में एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) होना अनिवार्य है।
तो खिलाड़ी को खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी...
अब तक खेल संघों में यह देखा जा रहा था कि कई खिलाड़ी लीग खत्म होने के बाद रेलवे को इसकी जानकारी देते थे या मैच शुरू होने के बाद एनओसी मांगते थे। रेलवे बोर्ड ने इस पर सख्त नाराजगी जताई है। नए आदेश में साफ कहा गया है कि अगर तय समय के अंदर आवेदन नहीं किया गया, तो खिलाड़ी को खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी।
इस बदलाव का सीधा असर रेलवे के उन सैकड़ों खिलाड़ियों पर पड़ेगा जो नौकरी के साथ-साथ बड़े स्तर पर प्रोफेशनल स्पोर्ट्स खेलते हैं। अब उन्हें खेल के साथ-साथ अपनी कागजी औपचारिकताएं भी समय पर पूरी करनी होंगी, वरना वे एक बड़ा मौका हाथ से गंवा सकते हैं।
इस नियम से रेलवे प्रशासन को भी पहले से पता रहेगा कि उनके कितने खिलाड़ी बाहरी लीगों में खेल रहे हैं। ऐसे में काम और खेल के बीच सामंजस्य बनाया जा सकेगा। एनसीआर के सीनियर पीआरओ डॉ. अमित मालवीय ने बताया कि यह नियम क्रियान्वित कर दिया गया है।