विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज का पद्मलोक अपार्टमेंट: निर्माण शुरू होने के 15 दिन बाद फ्लैटों की बुकिंग, 28 से 30 लाख रुपये होगी कीमत 

By Birendra Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 19 Oct 2026 04:54 PM (IST)Updated: Mon, 19 Oct 2026 08:22 PM (IST)

प्रयागराज के पद्मलोक अपार्टमेंट में फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग निर्माण शुरू होने के 15-20 दिन बाद ही शुरू हो जाएगी। ...और पढ़ें

अपार्टमेंट की जागरण आर्काइव फोटो।

अपार्टमेंट की जागरण आर्काइव फोटो।

HighLights

  1. अपार्टमेंट में 602 फ्लैट बनेंगे, दिवाली से पहले निर्माण शुरू करने की तैयारी

  2. ऑनलाइन कर सकेंगे फ्लैटों की बुकिंग, जमा करनी होगी 10 प्रतिशत धनराशि

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद से मुक्त कराई गई जमीन पर बनने वाले पद्मलोक अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदने के लिए लोगों को निर्माण पूरा होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) निर्माण कार्य शुरू होने के महज 15 से 20 दिनों बाद ही फ्लैटों की बुकिंग शुरू करने की तैयारी में है।

14 मंजिला अपार्टमेंट बनेगा

पद्मलोक अपार्टमेंट करीब चार हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनने वाली इस आवासीय परियोजना में 14 मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण कराया जाएगा। इसमें कुल 602 फ्लैट होंगे। फ्लैटों की कीमत 28 से 30 लाख रुपये के बीच निर्धारित की गई है।

अतीक के घर के पास बनेगा अपार्टमेंट

श्रीकृष्ण पुरी (कसारी-मसारी) क्षेत्र में अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान से कुछ दूरी पर पद्मलोक आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। पीडीए की योजना दीपावली से पहले निर्माण कार्य शुरू कराने की है। इसके साथ ही फ्लैटों की बिक्री की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि इच्छुक लोग शुरुआती चरण में ही अपने लिए आवास बुक करा सकें। इससे लोगों को किफायती कीमत पर घर खरीदने का अवसर मिलेगा। 

आनलाइन बुकिंग, किस्तों में भुगतान का विकल्प

फ्लैटों की बुकिंग पीडीए की वेबसाइट के माध्यम से आनलाइन की जा सकेगी। बुकिंग के समय फ्लैट की निर्धारित कीमत का 10 प्रतिशत भुगतान करना होगा। शेष धनराशि जमा करने के लिए मासिक, तीन माह और छह माह के अंतराल पर किस्तों का विकल्प उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है। इससे खरीदार अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार भुगतान योजना बना सकेंगे।

दिवाली से पहले निर्माण शुरू करने की तैयारी

पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि पद्मलोक अपार्टमेंट का निर्माण दीपावली से पहले शुरू करने की तैयारी है। कार्य प्रारंभ होने के लगभग 15 दिन बाद फ्लैटों की बुकिंग शुरू करने की योजना है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में नामांतरण के बाद गृहकर बिल की समस्या खत्म, पहले कंप्यूटर फिर खसरे में दर्ज होगा नाम

यह भी पढ़ें- UP Snatak MLC Chunav : प्रयागराज में 51290, कौशांबी में 8781 और फतेहपुर में 1841 मतदाता बढ़े