प्रयागराज में अब घर बैठे बुक करें फ्लैट व भूखंड, PDA की वेबसाइट पर मिलेगी संपत्ति की कीमत-आकार और स्थान की पूरी जानकारी
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) अक्टूबर से भूखंडों और फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करेगा। इससे लोगों को घर बैठे संपत्ति ...और पढ़ें

प्रयागराज में PDA की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा, अक्टूबर से घर बैठे भूखंड और फ्लैट खरीद सकेंगे।
HighLights
आवासीय संपत्तियों की बिक्री ऑनलाइन करने की तैयारी पूरी
फ्लैट और भूखंडों की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा अक्टूबर से मिलेगी
8 आवासीय योजना में 500 फ्लैट, 200 भूखंड की पीडीए करेगा बिक्री
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। घर बनवाने के लिए आप भूखंड खोज रहे हैं, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) का कई बार चक्कर काटने का सार्थक परिणाम नहीं निकल रहा और समय का भी अभाव है तो चिंता अब नहीं करिए। पीडीए का भूखंड व फ्लैट की बुकिंग कर आप ऑनलाइन खरीद सकेंगे।
फ्लैट व प्लाट की बुकिंग को भाग-दौड़ से मुक्ति
यह सुविधा अक्टूबर महीने में शुरू हो जाएगी। इससे पीडीए के कार्यालय का लोगों को चक्कर लगाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। पीडीए की वेबसाइट में भूखंड व फ्लैट से जुड़ी समस्त जानकारी मिलेगी। इससे अपनी पसंद के अनुरूप चयन करके बुकिंग की जा सकेगी।
आवासीय संपत्तियों की ऑनलाइन बिक्री
पीडीए की आवासीय योजनाओं में फ्लैट और भूखंड खरीदने के लिए लोगों को काफी दौड़भाग करनी पड़ती है। पीडीए कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों की मिन्नत करने के बावजूद काम नहीं हो पाता। आमजन की सुविधा के लिए पीडीए की आवासीय संपत्तियों की बिक्री ऑनलाइन करने की तैयारी पूरी हो गई है।
500 फ्लैट व 200 भूखंड बेचेगा पीडीए
पीडीए अपनी आठ आवासीय योजना में 500 से अधिक फ्लैट और 200 से ज्यादा भूखंड बेचने की योजना तैयार कर चुका है। वर्तमान में आवासीय योजनाओं में संपत्ति लेने के लिए लोगों को जानकारी जुटाने से लेकर आवेदन तक के लिए पीडीए कार्यालय जाना पड़ता है। कई बार अलग-अलग स्तर पर जानकारी लेने में समय लगता है। ऑनलाइन बुकिंग होने से बिचौलियों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।
अक्टूबर में बिक्री की व्यवस्था ऑनलाइन होगी
इस संबंध में प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज का कहना है कि फ्लैट और भूखंड की बिक्री की व्यवस्था ऑनलाइन करने की तैयारी है। कुछ तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस व्यवस्था को अगले माह लागू कर दिया जाएगा।
टोल फ्री नंबर जल्द होगा जारी
फ्लैट व भूखंडों की बिक्री के लिए पीडीए जल्द टोल फ्री नंबर जारी करेगा। इसके अलावा वेबसाइट : pdaprayagraj.org पर भूखंड और फ्लैट देखा जा सकेगा। इसमें संपत्ति का आकार, स्थान, दाम समेत समस्त जानकारी मिलेगी। खरीदार अपनी जरूरत और बजट के अनुसार संपत्ति का चयन करने के बाद आवेदन और पंजीकरण कर सकेंगे।
