Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आसमान में दिखेगी छह ग्रहों की अद्भुत परेड… साथ में परसीड उल्कावर्षा, नोट करें दुर्लभ खगोलीय घटना की तारीखें

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 11:49 PM (IST)

    अगस्त माह में खगोल विज्ञान के शौकीनों के लिए कई दुर्लभ घटनाएं होंगी, जिनमें पर्सीड उल्कावर्षा और छह ग्रहों की परेड शामिल है। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. अगस्त में छह ग्रहों की परेड और पर्सीड उल्कावर्षा दिखेगी।

    2. 12 से 18 अगस्त तक ग्रह एक टेढ़ी रेखा में दिखेंगे।

    3. 12-13 अगस्त की रात पर्सीड उल्कावर्षा का चरम होगा।

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए अगस्त का महीना विशेष महत्व रखता है। इस दौरान कई दुर्लभ खगोलीय घटनाएं घटित होने जा रही हैं।

    12 अगस्त को पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, जिसे भारत में नहीं देखा जा सकेगा। यह ग्रहण रात 9:04 बजे प्रारंभ होगा और भोर में 4:25 बजे समाप्त होगा। इसे ग्रीनलैंड, आइसलैंड, स्पेन, उत्तरी रूस और पुर्तगाल के कुछ हिस्सों से देखा जा सकेगा।

    इस महीने पर्सीड उल्कावर्षा के साथ छह ग्रहों की परेड भी होगी। बृहस्पति, बुध, मंगल, यूरेनस, शनि और नेपच्यून एक साथ टेढ़ी रेखा में दिखाई देंगे। ये ग्रह पूर्व दिशा से दक्षिण पश्चिम की ओर नजर आएंगे।

    ग्रहों की परेड देखने का सबसे अच्छा समय रात दो बजे के बाद है। सभी ग्रह खुली आंख से दिखाई देंगे, लेकिन यूरेनस और नेपच्यून दूर के ग्रह हैं, जिन्हें देखने के लिए दूरबीन की आवश्यकता होगी।

    जवाहर तारामंडल की पूर्व विज्ञानी सुरूर फातिमा के अनुसार, यह खगोलीय संरेखण तब बनता है जब ग्रह अपनी कक्षा में घूमते हुए एक दूसरे के निकट आ जाते हैं और पृथ्वी से देखने पर एक ही सीध में प्रतीत होते हैं।

    छह ग्रहों की इस अद्भुत परेड को 12 से 18 अगस्त तक देखा जा सकेगा। इससे पहले, 17 जून 2026 को कुछ ग्रहों की परेड हुई थी, और 14 नवंबर 2026 को बुध, शुक्र, मंगल और बृहस्पति एक सीध में दिखाई देंगे।

    श्रावणी पूर्णिमा या स्टर्जन मून 28 को

    28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा है, जिसे भारतीय जनमानस रक्षा बंधन के रूप में मनाएगा। पश्चिमी परंपरा में इस महीने के पूर्ण चंद्रमा को स्टर्जन मून कहा जाता है, जो उत्तरी अमेरिका की झीलों में मिलने वाली 'स्टर्जन' मछली से जुड़ा है। इस समय इन मछलियों की संख्या अधिक होती है।

    खबरें और भी

    इस महीने के चंद्रमा को हरा मक्का या अनाज चंद्रमा भी कहा जाता है, इसी समय कई फसलें पकती हैं और किसान उन्हें घर लाते हैं। खास यह कि इसी तिथि 28 अगस्त को उत्तरी अमेरिका में पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा।

    प्रति घंटे 50 से 100 उल्का नजर आएंगी

    पर्सीड उल्कावर्षा की शुरुआत 14 जुलाई से हो चुकी है, लेकिन इसे देखने का सबसे अच्छा समय 12 और 13 अगस्त की रात है। प्रति घंटे 50 से 100 उल्का नजर आएंगी, जो स्विव्ट-टटल धूमकेतु से छोड़े गए मलबे और धूल के कणों से बनती हैं।

    चंद्रमा की ग्रहों के साथ युति चार अगस्त को शनि के निकट, नौ को मंगल के पास, 16 को शुक्र और 31 अगस्त को शनि के निकट नजर आएगी। सूर्य अभी कर्क राशि में जबकि 11 अगस्त को सिंह राशि में प्रवेश करेगा।