Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इलाहाबाद विश्वविद्यालय व डिग्री कॉलेजों में PhD में प्रवेश के अधिक अवसर मिलेंगे, 800 सीटों पर दाखिला संभव

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Fri, 27 Mar 2026 07:26 PM (IST)

    इलाहाबाद विश्वविद्यालय और कॉलेजों में पीएचडी के लिए आगामी सत्र में 800 से अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। नई नियुक्तियों और पदोन्नतियों के कारण शोध कार्यों क ...और पढ़ें

    प्रयागराज विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।

    प्रयागराज विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. विश्वविद्यालय कैंपस और काॅलेजों में नई नियुक्ति व शिक्षकों को प्रोन्नति का दिखेगा फायदा

    2. सत्र 2025-26 का परिणाम जारी करने के साथ ही 2026-27 को लेकर तेज होगी तैयारी

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इवि) में आगामी सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी में प्रवेश के व्यापक अवसर बनने जा रहे हैं। विश्वविद्यालय और उसके संघटक काॅलेजों में नए सत्र में 800 से अधिक सीटों पर दाखिले की संभावना जताई जा रही है।

    नए सत्र में पर्याप्त सीटों पर प्रवेश के मौके

    हाल के समय में इवि कैंपस के विभिन्न विभागों और काॅलेजों में हुई नई नियुक्तियों और प्रोन्नतियों के कारण शोध कार्य के लिए संसाधन और मार्गदर्शन क्षमता दोनों में वृद्धि हुई है। स्पष्ट है कि नए सत्र में पर्याप्त सीटों पर प्रवेश के मौके होंगे।

    साक्षात्कार के बाद परिणाम आना बाकी

    विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सत्र 2025-26 में इवि कैंपस और कालेजों में उपलब्ध पीएचडी 873 से अधिक सीटों पर पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। साक्षात्कार होने के बाद अब केवल परिणाम जारी होना शेष है। परिणाम घोषित होते ही अगले सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

    सीधे साक्षात्कार से पीएचडी में प्रवेश 

    पिछले वर्ष से विश्वविद्यालय ने यूजीसी-नेट स्कोर के आधार पर सीधे साक्षात्कार के जरिए पीएचडी में प्रवेश की नई व्यवस्था लागू की है। इस प्रणाली से प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनी है और योग्य उम्मीदवारों को सीधे शोध में प्रवेश का अवसर मिल रहा है। इससे प्रतिस्पर्धा भी बढ़ी है और गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है।

    खबरें और भी

    डिग्री कॉलेजों में भी बेहतर स्थिति 

    संघटक कॉलेजों में भी स्थिति बेहतर हुई है। इलाहाबाद डिग्री कालेज में 132 रिक्त पदों में से 120 पदों पर नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं। वहीं ईश्वर शरण डिग्री कालेज में भी शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। सीएमपी डिग्री कालेज सहित अन्य कॉलेजों में भी रिक्त पदों को भरने का कार्य पूरा होने के करीब है। ऐसे में शोधार्थियों को अधिक गाइड उपलब्ध होंगे।

    सीटों की संख्या बढ़ेगी 

    कई शिक्षक असिस्टेंट प्रोफेसर से एसोसिएट और कई एसोसिएट से प्रोफेसर पद पर प्रोन्नत हुए हैं। इससे भी सीटों की संख्या में वृद्धि होगी। इवि सूत्रों का कहना है कि सत्र 2025-26 के लिए 873 सीटों पर प्रवेश का परिणाम जारी होना है। साथ ही काफी संख्या में छात्र इस वर्ष पीएचडी भी पूरी करेंगे। ऐसे में गाइड के पास रिक्त पदों की संख्या में वृद्धि होगी।  

    वर्ष 2024 में थी रिकार्ड 1100 से अधिक सीटें

    सत्र 2024-25 में विश्वविद्यालय ने 1100 से अधिक पीएचडी सीटों पर प्रवेश देकर एक बड़ा रिकार्ड बनाया था। इसके साथ ही विश्वविद्यालय इस बार एक नई पहल के तहत विदेशी भाषाओं में भी पीएचडी कार्यक्रम शुरू करने की दिशा में काम कर रहा है। यदि यह योजना सफल होती है तो छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के विषयों में शोध करने का अवसर मिलेगा। अभी विदेशी भाषाओं के साहित्य पर अंग्रेजी एवं यूरोपियन भाषा विभाग के तहत ही शोध हो रहा है।