Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Mahakumbh: एक दिन में 250 प्लेन, प्रयागराज एयरपोर्ट आ गए इतने विमान कि लैंडिंग के लिए नहीं मिल पा रहा स्लॉट

    Updated: Wed, 19 Feb 2025 07:40 PM (IST)

    प्रयागराज एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही इतनी बढ़ गई है कि लैंडिंग के लिए स्लॉट नहीं मिल पा रहा है। 18 फरवरी को एक ही दिन में 254 विमानों से 23196 यात ...और पढ़ें

    एयरपोर्ट पर आ गए इतने विमान कि लैंडिंग के लिए नहीं मिल पा रहा स्लॉट। (तस्वीर जागरण)
    एयरपोर्ट पर आ गए इतने विमान कि लैंडिंग के लिए नहीं मिल पा रहा स्लॉट। (तस्वीर जागरण)

    HighLights

    1. एयरपोर्ट पर आ गए इतने विमान कि लैंडिंग के लिए नहीं मिल पा रहा स्लॉट
    2. 254 विमानों से 23,196 यात्रियों का आवागमन
    3. 120 चार्टर, 134 शेड्यूल विमानों का आवागमन

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। एक विमान लैंड हो रहा है। दूसरा उतरने की अनुमति मांग रहा है। तीसरा हवा में मंडरा रहा और चौथे विमान ने भी स्लॉट मांगा...। यह क्रम लगातार दोहराया जा रहा है। विमानों को उतरने के लिए एयरपोर्ट पर जगह नहीं मिल पा रही है।

    एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोलर) लगातार रेडियो उपकरण पर विमानों के पायलट से बात कर रहे हैं। उन्हें उड़ान भरने, उतरने के लिए निर्देश दे रहे हैं, उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं। जो आसमान में विमान उड़ रहे हैं, उनकी भी निगरानी की जा रही है। कभी 50 विमानों के आवागमन में सिमट जाने वाला प्रयागराज एयरपोर्ट अब 250 विमानों के आवागमन का आंकड़ा पार कर चुका है।

    18 फरवरी को एक दिन में 254 विमानों का हुआ आवागमन

    18 फरवरी को एक ही दिन में 254 विमानों से, 23,196 यात्रियों का आवागमन हुआ। यह अब तक का सबसे बड़ा कीर्तिमान है। इस समय स्थिति यह है कि एक ही समय में कई विमान महाकुंभ के ऊपर मंडरा रहे हैं, यात्रियों को आसमान से ही महाकुंभ की आभा दिखाई जा रही है। कई मिनट बाद जब उन्हें स्लॉट मिल रहा तो उनकी लैंडिंग कराई जा रही है।

    दरअसल, इस समय शेड्यूल विमानों के साथ चार्टर विमानों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई है। गुरुवार को 120 चार्टर विमान आए-गए। जबकि 134 शेड्यूल विमानों का आवागमन हुआ। इससे एयरपोर्ट पर विमानों की लाइन लग गई। महाकुंभ शुरू होने के बाद यह 17 वां ऐसा मौका है। जब प्रयागराज एयरपोर्ट ने अपने ही पुराने कीर्तिमानों को बौना साबित कर दिया है।

    खबरें और भी

    प्रयागराज एयरपोर्ट पर बुधवार को समय सारिणी के अनुक्रम में इंडिगो की सर्वाधिक 22, एलाइंस एयर की सात, अकासा एयर की चार, स्पाइस जेट की 18 व एयर इंडिया की 16 उड़ानें शामिल रहीं। इतनी ही विमान यहां लैंड भी हुए। कुल 11,585 यात्री प्रयागराज आए, जबकि 11,611 यात्री यहां से रवाना हुए। एक ही दिन में यात्रियों के आने-जाने की भी यह सर्वाधिक संख्या है।

    पहली बार चार्टर का भी शतक

    प्रयागराज एयरपोर्ट पर महाकुंभ की शुरुआत के साथ चार्टर विमानों की संख्या इस बार अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। फलस्वरूप 18 फरवरी को पहली बार चार्टर के आवागमन का भी शतक लग गया। एक ही दिन में 60 चार्टर आए, इनसे 283 विशिष्ट यात्री। जबकि इतने ही चार्टर से 385 विशिष्ट यात्री रवाना हुए। कुल 120 चार्टर से 668 विशिष्ट यात्रियों का आवागमन हुआ। यह अपने आप में बड़ा कीर्तिमान है।

    इतनी संख्या में न पहले कभी चार्टर आए-गए न विशिष्ट यात्री। इससे पहले 17 फरवरी को 86 चार्टर से कुल 435 यात्रियों का आवागमन हुआ था। जबकि सात फरवरी को 37 चार्टर व 229 विशिष्ट यात्री, आठ फरवरी को 60 चार्टर व 356 विशिष्ट यात्री, 11 फरवरी को 71 चार्टर व 429 विशिष्ट यात्री व 14 फरवरी को 76 चार्टर व 318 विशिष्ट यात्री के आवागमन का कीर्तिमान बना था।

    कीर्तिमानों का एयरपोर्ट

    देश के शीर्ष 20 एयरपोर्ट में प्रयागराज एयरपोर्ट शामिल हो चुका है। यहां 16 फरवरी को प्रयागराज एयरपोर्ट ने 20 हजार से अधिक यात्रियों व 17 फरवरी को 200 विमानों के आवागमन का आंकड़ा भी पार हो गया है।

    सात फरवरी को पहली बार विमानों के आवागमन का आंकड़ा 100 को पार करके 111 हुआ था और 12717 यात्रियों का आवागमन हुआ था। इसके बाद आठ फरवरी को 138 विमान व 13303 यात्री, 10 फरवरी को 13915 यात्री, 11 फरवरी को 157 विमान व 13963 यात्री, 13 फरवरी को 151 विमान से 16310 यात्री, 15 फरवरी को 189 विमान से 19,822 यात्री और 16 फरवरी को 178 विमानों से 20,297 यात्रियों का आवागमन हुआ था। जबकि 17 फरवरी को 204 विमानों से 20,297 यात्रियों का आवागमन हुआ।

    इसे भी पढ़ें- फिर टूटा रिकॉर्ड! एक ही दिन में प्रयागराज एयरपोर्ट पर पहुंचे इतने विमान, अब सोचिए कितनी होगी भीड़