सीएसआर फंड से संगम नगरी के 95 बेसिक स्कूलों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था होगी, 45 में उपकरण लगाने की प्रक्रिया शुरू
प्रयागराज के 95 स्कूलों में सीएसआर फंड से स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से 45 में उपकरण लगाने का काम शुरू हो चुका है। 40 स्कूलों में ...और पढ़ें

सीएसआर फंड संगम नगरी के 95 स्कूलों में स्मार्ट क्लास चलाया जाएगा।
HighLights
40 स्कूलों में नए सत्र से वाटर कूलर की सुविधा
आपरेशन कायाकल्प से 19 मानकों पर कराया काम
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बेसिक शिक्षा विभाग अपने विद्यालयों की सूरत सुधारते हुए संसाधनों को बढ़ाने में लगा है। आपरेशन कायाकल्प से 19 मानकों पर कार्य हो चुका है। अब स्कूलों मेंं स्मार्ट क्लास की व्यवस्था तेजी से हो रही है।
कौन करा रहा कार्य?
जनपद के 95 विद्यालयों में सीएसआर फंड अर्थात कार्पोरेट सोशल रिस्पांन्सिबिलिटी के तहत स्मार्ट कक्षाओं की व्यवस्था की जा रही है। सोशल इम्पावरमेंट इकोनामिक डेवलपमेंट सोसाइटी और आइआरसीटीसी की ओर से यह कार्य कराया जाएगा।
छात्र-छात्राएं प्रतिदिन स्कूल आने को प्रेरित होंगे
प्रत्येक विद्यालय में 100 डिजी बोर्ड लगेंगे। कंप्यूटर, स्पीकर के साथ डिजिटल टीचिंग कंटेंट भी दिए जाएंगे। तकनीक के समावेश से स्कूलों में पढ़ाई के दौरान वीडियो, एनिमेशन आदि का प्रयोग किया जाएगा जिससे कक्षाओं में रोचकता बढ़ेगी। छात्र-छात्राएं प्रतिदिन स्कूल आने के लिए प्रेरित होंगे।
छात्रों का समझने का स्तर बढ़ेगा
विषय को समझने में भी छात्र अधिक रुचि लेंगे। शिक्षण का तरीका प्राय: एकल संवादी न होकर कहानी कथन शैली और छात्रों से संवादात्मक होगा। इससे छात्रों के समझने के स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी। बीएसए अनिल कुमार के अनुसार स्कूलों में हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन भी दिया जाएगा। आनलाइन संसाधनों तक पहुंचने के लिए सभी तरह की सहायता दी जाएगी।
गर्मी में बच्चों को पीने के लिए साफ और ठंडा पानी मिलेगा
उन्होंने बताया कि यह सुविधा मिलने के बाद स्कूल विभिन्न संस्थाओं की ओर से चलने वाली आनलाइन कक्षाओं से भी जुड़ सकेंगे। यूपीएस/पावर बैकअप की भी व्यवस्था रहेगी। बताया कि 45 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के लिए उपकरण लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नए सत्र में विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने लगेगा। इसके अतिरिक्त 40 स्कूलों में सीएसआर फंड से वाटर कूलर भी लगवाया जा रहा है। गर्मी में बच्चों को पीने के लिए साफ और ठंडा पानी मिलेगा। इसके लिए भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।