प्रयागराज के फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में विकास की राह : विधायक का रिपोर्ट कार्ड और जनता की अपेक्षाएं
फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने क्षेत्र में सड़कों, पुलों और बिजली सहित कई विकास कार्य कराए हैं, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के अवसरों में स ...और पढ़ें

प्रयागराज के फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य का रिपोर्ट कार्ड।
HighLights
क्षेत्र के लोगों को चाहिए स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार
क्षेत्र में 10 छोटे-बड़े पुल और 650 सोलर लाइटें लगाई गईं।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। फाफामऊ विधानसभा फूलपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रमुख हिस्सा है। ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्र इसमें आते हैं। 50 से अधिक सड़कों का चौड़ीकरण, 25 स्मृति द्वारा, करीब 300 हाईमास्ट लगवाने के साथ विकास खंड शृंगवेरपुर धाम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की मंजूरी मिल चुकी है। विकास को रफ्तार देने के लिए 150 नई सड़कें भी बनवाई गईं। इनमें कुछ 50 मीटर की है तो कुछ 500 मीटर लंबी हैं।
स्वास्थ्य सुविधा के प्रयास की जरूरत
अवस्थापना सुविधाओं को हर संभव बढ़ाने का प्रयास हुआ लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में और प्रयास की आवश्यकता स्थानीय लोग महसूस कर रहे हैं। बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए विभिन्न गांवों की सड़कों को ठीक करने की जरूरत है। कई जगहों पर जल निकासी का प्रबंध नहीं है। रोजगार के अवसर भी नहीं विकसित हो सके हैं। इन सभी बिंदुओं पर मूल्यांकन करते हुए क्षेत्र की जनता 2027 के लिए अभिमत तैयार कर रही है।
फाफामऊ विधानसभा
कुल मतदाता - 281475
पुरुष मतदाता - 158069
महिला मतदाता - 123400
विधानसभा में क्षेत्रीय मुद्दे को विधायक ने उठाया
विधानसभा में उपस्थिति की बात की जाए तो वर्तमान विधायक ने 95 प्रतिशत से अधिक विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लिया। शृंगवेरपुर धाम में विद्युत शवदाह गृह बनाए जाने, कठौआ पुल से कमालापुर बिजलीपुर होते हुए गऊघाट को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण, मेंडारा से मंसूराबाद को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण के मुद्दे को उठाया है। इसके साथ ही सड़क चौड़ीकरण के ओडीआर में परिवर्तन की मांग विधानसभा में कर चुके हैं। चौड़ीकरण के लिए 10 किलोमीटर का मानक तय है, इसे कम करके पांच किलोमीटर करने का आग्रह विधानसभा में किया था, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों को विस्तार मिल सके। इसके अतिरिक्त श्रृंगवेरपुर धाम से फाफामऊ तक गंगा रिवर फ्रंट बनवाने के लिए भी विधानसभा में आवाज उठाई थी।
क्षेत्र में ये हुए विकास कार्य
विकास कार्यों की बात करें तो कुल 650 सोलर लाइटों को लगवाने के साथ विधानसभा क्षेत्र में 10 छोटे बड़े पुल का निर्माण कराया गया। प्रमुख रूप से ग्राम पंचायत मेंडारा, सेरांवा, पहलवान का पूरा, दुर्गा शुक्ल का पूरा का पुल शामिल है। 30 दिव्यांगों को विधायक निधि से मोटर वाहन दिए गए। जरूरतमंदों को विधायक निधि से इलाज के लिए धन आवंटित करने के साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से भी सहयोग दिलाने का प्रयास हुआ।
खबरें और भी
नए उपकेंद्रों को भी मंजूरी मिली पर संतृप्तता नहीं
शिक्षा के क्षेत्र में विधायक के सहयोग की बात करें तो उन्होंने अपनी निधि से वित्त विहीन 10 स्कूलों का सुंदरीकरण कराया। सड़क चौड़ीकरण की सूची में हथिगहां चौराहे से मसानी होते हुए सराय हरिराम तक की सड़क भी शामिल है। यह कार्य अभी चल रहा है। बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कई नए ट्रांसफार्मर लगे तो कुछ की क्षमता बढ़ाई गई। नए उपकेंद्रों को भी मंजूरी मिली है लेकिन अभी संतृप्तता की स्थिति नहीं है।
क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव कोशिश की। नाली, सड़क, खड़ंजा, बिजली और पानी की मूलभूत समस्या के समाधान के साथ कई बड़ी परियोजनाओं पर भी काम कराया है। प्रमुख रूप से रामवन गमन पथ पर गंगा पुल का निर्माण, निषाद राज उद्यान का निर्माण के साथ संध्या भजन केंद्र निर्माणाधीन है। निषाद राज सांस्कृतिक केंद्र भी बन रहा है। शांतिपुरम गोहरी रोड पर ओवरब्रिज, 40 नंबर गोमटी रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज, लालगोपालगंज से लेकर नवाबगंज तक फोरलेन सड़क, मलाक हरहर गंगा नदी पर छह लेन के पुल का काम तेजी से चल रहा है। सोरांव से होलागढ़ तक सड़क चौड़ीकरण, कल्याणपुर भिटारा मार्ग का चौड़ीकारण कराया गया। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदम उठाए गए। लालगोपालगंज से जेठवारा मार्ग रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज मंजूर हो चुका है। पड़िला महादेव मंदिर परिसर का सुंदरीकरण कराया गया। कुरेसर गंगा घाट के सुंदरीकरण, होलागढ़ में महावीरन धाम का सुंदरीकरण मंजूर हो चुका है।
- गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक, फाफामऊ
क्षेत्र के किसानों को समय पर खाद-बीज, बिजली नहीं मिल रही। छुट्टा मवेशी फसल बर्बाद कर रहे। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कोई प्रयास नहीं हुआ जबकि मंदिरों के सुंदरीकरण आदि में धन खर्च हो रहा है। महंगाई पर किसी तरह का नियंत्रण नहीं है। डीजल और पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही। भाजपा सरकार पूरी तरह असफल है। फाफामऊ में विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा संस्थान नहीं खोले गए। अच्छे अस्पताल का भी अभाव बना हुआ है, क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए शहर की ओर भागना पड़ता है।
- ओमप्रकाश पटेल, बसपा नेता
ग्रामीणों ने क्या कहा?
ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। कब आएगी और कब बिजली कट जाएगी पता नहीं। बारिश न होने पर सिंचाई की समस्या खड़ी हो जाती है। गांव की बहुत सी सड़कें खराब हैं। उनका मरम्मतीकरण करया जाना चाहिए। जल निकासी का भी ढांचा ठीक कराना होगा।
- राजेंद्र प्रसाद सिंह, जूड़ापुर
गांव की अधिकांश सड़कें खराब हैं। बारिश में सड़कों पर बने गड्ढे लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। क्षेत्र में साफ सफाई की ओर भी कोई कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अच्छे इलाज के लिए शहर की ओर भागना पड़ता है।
- मुन्नू सिंह, मादूपुर
कछारी इलाकों में लोगों को हर साल बाढ़ की समस्या से जूझना पड़ता है। बोई गई फसल नष्ट हो जाती है। रंगपूरा, फाफामऊ, मोरहूं, सुमेरी का पूरा, मलाक हरहर, चफरी, गंगागंज, मुबारकपुर, कुरेसर, दांडी, नरहा आदि गांव के लोगों के लिए कुछ प्रयास की जरूरत है जिससे बाढ़ से छुटकारा मिले।
- सोनू यादव, मोरहूं
गंगा किनारे बसे गांवों में अब भी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए बहुत कुछ करना शेष है। उच्च स्तरीय महाविद्यालय जिसमें छात्र-छात्राएं दोनों पढ़ सके। स्तरीय सुविधाओं वाला अस्पताल तो बहुत जरूरी है जिसमें ओपीडी और आईपीडी दोनों की व्यवस्था की जाए।
- धनंजय मिश्र, खिदिरपुर