Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज शहर के रेलवे स्टेशनों पर मनेगा जन्मदिन व शादी का जश्न, रेलवे आमजन को किफायती रेट पर किराए पर देगा

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Mon, 02 Mar 2026 02:58 PM (IST)

    प्रयागराज में रेलवे स्टेशनों पर अब जन्मदिन और शादी जैसे समारोह मनाए जा सकेंगे। रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, छिवकी और नैनी स्टेशनों पर स्थित ...और पढ़ें

    प्रयागराज जंक्शन पर बना यात्री आश्रय स्थल। जागरण आर्काइव

    प्रयागराज जंक्शन पर बना यात्री आश्रय स्थल। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. पारिवारिक समारोहों के लिए महंगे होटलों या गेस्ट हाउस का चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेग

    2. एनसीआर प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले चार प्रमुख स्टेशनों के आश्रय स्थल किराए पर देगा

    3. प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, छिवकी और नैनी रेलवे स्टेशन के यात्री आश्रय स्थलों में सुविधा 

    अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। संगम नगरी के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। अब आपको जन्मदिन की पार्टी, शादी, मुंडन संस्कार आदि पारिवारिक समारोहों के लिए महंगे होटलों या गेस्ट हाउस का चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय रेलवे ने एक अनूठी पहल करते हुए प्रयागराज के प्रमुख स्टेशनों पर बने 'यात्री आश्रय स्थलों' को निजी आयोजनों के लिए खोलने का फैसला किया है। रेलवे के इस कदम से न सिर्फ आम जनता को शहर के बीचों-बीच एक बड़ा और किफायती विकल्प मिलेगा, बल्कि रेलवे की खाली पड़ी संपत्तियों से राजस्व (कमाई) भी बढ़ेगा।

    इन रेलवे स्टेशनों के यात्री आश्रय में मिलेगी सुविधा

    उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले चार प्रमुख स्टेशनों के आश्रय स्थलों को इस योजना में शामिल किया है। प्रयागराज जंक्शन पर सिटी साइड (मुख्य द्वार) की ओर स्थित यात्री आश्रय संख्या एक और दो। सूबेदारगंज स्टेशन पर राजरूपपुर की ओर बना आश्रय स्थल। छिवकी स्टेशन पर सीओडी रोड के पास मुख्य प्रवेश द्वार वाला हिस्सा। नैनी स्टेशन पर मुख्य प्रवेश द्वार की ओर स्थित यात्री आश्रय में यह सुविधा होगी।

    आम जन बुकिंग करा सकेंगे

    आम तौर पर ये विशालकाय यात्री आश्रय स्थल कुंभ या माघ मेले के दौरान ही यात्रियों से भरे रहते हैं। साल के बाकी समय ये खाली पड़े रहते हैं। इन हालनुमा शेड्स की क्षमता इतनी अधिक है कि यहां एक साथ 3,000 से 4,000 लोग आ सकते हैं। अब रेलवे इन्हें 70 महीनों (लगभग 6 साल) के लिए ठेके पर देने जा रहा है। ठेकेदार इन जगहों का संचालन करेंगे और लोग अपनी जरूरत के अनुसार बुकिंग करा सकेंगे। यहां न केवल बर्थडे पार्टी, बल्कि कम्युनिटी सेंटर की तरह अन्य सामाजिक और व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित की जा सकेंगी।

    आमजन को होगा फायदा

    शहर के पाश इलाकों में स्थित ये स्टेशन परिसर लोगों के लिए आयोजन का एक बजट-फ्रेंडली केंद्र बनेंगे। रेलवे स्टेशन शहर के सबसे कनेक्टेड हिस्से होते हैं, जिससे मेहमानों का पहुंचना आसान होगा। इन आश्रय स्थलों में जगह की कोई कमी नहीं है, जिससे छोटे से लेकर मध्यम स्तर के कार्यक्रम भव्य तरीके से हो सकेंगे। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन स्थलों पर आनलाइन व आफलाइन दोनों तरह से बुकिंग शुरू हो जाएगी। यहां पर शहनाइयां गूंजेंगी और खुशियां मनाते लोग नजर आएंगे।

    खबरें और भी

    मंडल जनसंपर्क अधिकारी बोले- टेंडर प्रक्रिया शुरू है

    एनसीआर के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह का कहना है कि रेलवे की अपनी आय बढ़ाने और लोगों को सुविधा देने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, छिवकी और नैनी स्टेशनों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    यह भी पढ़ें- Indian Railways : सूबेदारगंज, फतेहपुर, कानपुर स्टेशन के बाहर फूड वैन होगा, यात्रियों व आमजन को 24 घंटे मिलेगा स्वादिष्ट नाश्ता

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज के SRN अस्पताल में आउटसोर्स सफाईकर्मी फिर हड़ताल पर, होली पर भी दो माह का बाकी वेतन नहीं मिला