प्रयागराज में 63 हजार की ठगी के मामले में वकीलों का अनोखा विरोध, थाने में DJ बजाकर किया डांस; वीडियो वायरल
प्रयागराज में 63 हजार रुपये की ठगी के मामले में वकीलों ने सिविल लाइंस थाने के भीतर साउंड लगाकर डांस किया और धरना प्रदर्शन किया।

सिविल लाइंस थाना मे विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता
HighLights
वकीलों ने 63 हजार रुपये की ठगी पर थाने में डांस किया।
सिविल लाइंस थाने में डीजे बजाकर रात भर चला विरोध प्रदर्शन।
इंस्पेक्टर ने अनशनरत वकील को समझाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। महज 63 हजार रुपये की ठगी को लेकर कुछ वकीलों ने सिविल लाइंस थाने के भीतर साउंड लगाकर डांस किया। कभी नाकाबंदी तो कभी दूसरा गाना बजाकर रात भर थाने में डांस करते रहे।
वकीलों के इस प्रदर्शन का विडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। फिलहाल इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने थाने में अनशन पर बैठे वकील को समझाया और फिर अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद अनशन समाप्त हुआ।
वकील बृजेश तिवारी का आरोप है कि बाइक का लोन बंद कराने के लिए कान्हा मोटर्स के कर्मचारी अभय पांडेय से संपर्क किया था। कर्मचारी ने लोन की बकाया रकम करीब 63 हजार रुपये जमा कराने के दौरान सर्वर की समस्या बताई। इसके बाद उसने पैसे अपने अकाउंट में जमा करके फर्जी रसीद दी।
कई दिन बाद भी जब लोन खाता बंद नहीं हुआ तो उन्होंने हीरो एजेंसी में संपर्क किया। वहां पता चला कि उनके खाते में कोई रकम जमा नहीं हुई है। तब पीड़ित की तहरीर पर एक अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज की गई। लेकिन कुछ वकील इससे संतुष्ट नहीं हुए।
दीपावली की शाम वह चद्दर, तकिया लेकर थाने पर पहुंच गए। इसके बाद अनशन, धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। रात को अनशनरत वकील के समर्थन में कई और अधिवक्ता पहुंच गए।
उन्होंने थाने के भीतर ही साउंड लगाकर कई घंटे तक डांस किया। मंगलवार सुबह इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने अधिवक्ता को समझाया और सेहत को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में मानव तस्करी गैंग का बड़ा खुलासा, नाबालिग लड़कियों व युवतियों को जाल में फंसाकर बेच देती थी महिला सरगना