98 करोड़ रुपये से प्रयागराज के 28 वार्डों में मार्ग रोशनी से जगमगाएंगे, प्रकाश की बेहतर व्यवस्था करेगा नगर निगम
प्रयागराज नगर निगम विस्तारित क्षेत्रों के 28 वार्डों में 98 करोड़ रुपये से मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुधारेगा। दो चरणों में 13 करोड़ रुपये का बजट मिल चुका ...और पढ़ें

प्रयगाराज नगर निगम विस्तारित क्षेत्रों की सड़कों पर बेहतर स्ट्रीट लाइट आदि की व्यवस्था करेगा।
HighLights
दो फेज में नगर निगम को मिल चुका है 13 करोड़ रुपये का बजट
विस्तारित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, पोल और केबल लगाने का होगा काम
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नगर निगम विस्तारित क्षेत्र के वार्डों में बिजली, पानी, सड़क और सफाई को लेकर बेहतर प्रबंध कर रहा है। आने वाले कुछ वर्षों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से सड़क बनाने की योजना बनाई जा रही है। मार्ग प्रकाश को बेहतर करने के लिए 98 करोड़ रुपये का बजट खर्च करने का प्रस्ताव तैयार करके शासन के पास भेजा गया है। छह से सात माह में पूरा बजट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
विस्तारित क्षेत्रों में लगेगा पोल व स्ट्रीट लाइट
97 ग्राम सभाओं को नगर निगम में लगभग छह वर्ष पहले शामिल किया गया था। गंगापार, यमुनापार और बमरौली क्षेत्र में 28 वार्डों का गठन किया गया। इन वार्डों में मार्ग स्ट्रीट लाइट, पोल और केबल के लिए 98 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। विस्तारित क्षेत्र में चार फेज में मार्ग प्रकाश को बेहतर किया जाएगा। 13 करोड़ रुपये की धनराशि निगम को शासन से प्राप्त हो चुकी है।
झूंसी व नैनी क्षेत्र के लिए बजट मिला
नगर निगम विद्युत यांत्रिक के मुख्य अभियंता डाॅ. संजय कटियार ने बताया कि शासन के पास भेजे गए प्रस्ताव में से 13 करोड़ रुपये दो फेज में मिल चुका है। पहले फेज में 10 करोड़ रुपये झूंसी क्षेत्र के 10 वार्डों में मार्ग प्रकाश के लिए मिला है। कुछ दिन पहले नैनी क्षेत्र के तीन वार्डों में मार्ग प्रकाश के लिए तीन करोड़ मिला है। जल्द ही अन्य वार्डों में लिए बजट उपलब्ध होने की संभावना है।