प्रयागराज में ताजिया के रास्ते को लेकर बवाल, पुलिस टीम पर हमले में दो दारोगा समेत 10 पुलिसकर्मी घायल; 15 आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज के गंगापार में नवाबगंज थानांतर्गत ठेगहा गांव में ताजिया मार्ग विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर पथराव हुआ, जिसमें 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस म ...और पढ़ें

प्रयागराज के नवाबगंज के ठेगहा गांव में हुए बवाल में टूटी पड़ी कुर्सियां। जागरण
HighLights
घायलों में तीन महिला पुलिसकर्मी भी हैं शामिल
नवाबगंज के ठेगहा गांव में वारदात को अंजाम दिया
21 नामजद व 20 अज्ञात पर मुकदमा, 15 गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के नवाबगंज थानांतर्गत ठेगहा गांव में शुक्रवार देर रात करीब एक बजे ताजिया के रास्ते को लेकर बवाल हो गया। ताजियादारों ने तय रास्ते से ताजिया निकालने से इन्कार करते हुए दूसरे रास्ते पर विद्यालय के बाहर बनी सीढ़ी को तुड़वाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने समझाया कि वह आम रास्ता नहीं है। पहले से तय रास्ते से ही ताजिया निकालना होगा, जिसे लेकर ताजियादारों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
लाठी-डंडे से पीटने के साथ ही धारदार हथियार से हमला
ताजियादारों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे से पीटने के साथ ही धारदार हथियार से हमला किया गया। ईंट-पत्थर भी चलाए गए। इसमें आनापुर चौकी प्रभारी, एक महिला दारोगा समेत 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसमें छह को गंभीर चोट आई, जबकि चार मामूली तौर पर चोटिल हुए। मामले में एसआइ जैकी गौड़ ने नवाबगंज थाने में 21 को नामजद करते हुए 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें चार नाबालिग हैं। गांव में कई थानों की पुलिस तैनात की गई है।
निर्धारित मार्ग से ताजिया निकालने से मना किया
नवाबगंज थाना क्षेत्र के ठेगहा गांव निवासी मो. सलीम का परिवार मोहर्रम पर ताजिया निकालता है। शुक्रवार देर रात ताजिया निकाला जाना था। इसके पहले आनापुर चौकी प्रभारी आकाश सचान ने सलीम से पहले से तय रास्ते से ताजिया निकालने की बात कही थी, लेकिन रात एक बजे अचानक सलीम ने पहले से निर्धारित मार्ग से ताजिया निकालने से मना कर दिया। विद्यालय के बाहर बनी सीढ़ी को तुड़वाने की बात कहने लगा।
ताजियादार को समझाने पहुंची थी पुलिस
इसकी जानकारी पाकर चौकी प्रभारी आकाश सचान, एसआइ जैकी गौड़, महिला एसआइ सोनम कुमारी, सिपाही जय प्रकाश यादव, अरविंद कुमार लाल, कविता, अर्चना आदि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे सलीम, उसके स्वजन समेत अन्य लोगों को समझाने की कोशिश की तो सभी उग्र हो गए। पथराव करने के साथ ही लाठी-डंडा और धारदार हथियार चलाने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। जैसे-तैसे पुलिसकर्मी वहां से निकले। इसमें चौकी प्रभारी आकाश सचान का सिर फट गया, जबकि महिला एसआइ सोनम कुमारी, सिपाही जय प्रकाश यादव, अरविंद कुमार लाल, अर्चना व कविता को भी गंभीर चोट आई। चार पुलिसकर्मी मामूली तौर पर जख्मी हुए।
खबरें और भी
बड़ी संख्या में पहुंची फोर्स तो बवाल करने वाले फरार
खबर पाकर एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला, इंस्पेक्टर नवाबगंज समेत होलागढ़, सोरांव, फाफामऊ की भी पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को देखकर बवाल कर रहे लोग भाग निकले। घायल पुलिसकर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़िहार लाया गया। मामले में एसआइ जैकी गौड़ की तहरीर पर 21 को नामजद करते हुए 20 अज्ञात के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, हमला करने समेत अन्य कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
11 आरोपितों को जेल, 4 नाबालिगों का चालान
नामजद आरोपितों में सलीम, निसार, कुतुब अली, असलम के परिवार के कई लोग शामिल हैं। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने चार नाबालिग समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें 11 को जेल भेजा गया, जबकि चार नाबालिगों का शांति भंग में चालान किया गया।
ये लोग किए गए नामजद
मो. सलीम, साहिल, अयान, बाबू, निजाम, निसार, रूखसाना बेगम, असलम, मोनू, कुतुब अली, तेजी, नूरजहां, रानी, तारा, खुशनुमा, सानिया, शायरा, शहनाज, लाडो, साहिल, रोशनी।
ये आरोपित हुए गिरफ्तार
रानी, नूरजहां, तेजी, खुशनुमा, शायरा, रोशनी, शहनाज, सानिया, असलम, मोनू, कुतुब अली।
ठेगहा गांव से शुक्रवार देर रात पारिवारिक ताजिया निकाला जाना था। इसे लेकर पहले से रास्ता तय था, लेकिन मो. सलीम द्वारा देर रात तय रास्ते से ताकिया निकालने से इन्कार कर दिया गया। एक विद्यालय के बाहर बनी सीढ़ी को जबरन तुड़वाने की बात कही जाने लगी। जबकि राजस्व अभिलेखों में वह आम रास्ता नहीं है। पुलिसकर्मियों ने समझाने की कोशिश की तो हमला किया गया। इसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिस फोर्स को तैनात है।
- कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी गंगानगर।
राजस्व टीम ने 16 मई को आम रास्ता न होने की दी थी रिपोर्ट
ठेगहा गांव स्थित एक विद्यालय के बाहर बनी सीढ़ी को तुड़वाने के लिए मो. सलीम लंबे समय से कोशिश कर रहा था। मई में उसने सोरांव तहसील में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया था। जिस पर राजस्व टीम को मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए गए थे। टीम ने जांच की और फिर 16 मई को एसडीएम सोरांव को रिपोर्ट दी कि विद्यालय की जमीन पर ही सीढ़ी बनी है।
लेखपाल ने एसडीएम को सौंपी थी रिपोर्ट
विद्यालय की सीढ़ी बनने के दौरान भी मो. सलीम और उसके घरवालों ने विरोध किया था, लेकिन सीढ़ी बन गई थी। इसके बाद मई में सलीम सोरांव तहसील पहुंचा और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया। कहा कि सीढ़ी को रास्ते में बनाया गया है। इससे आवागमन बाधित हो रहा है। इसे हटवाए जाने की जरूरत है। एसडीएम ने राजस्व टीम को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। 25 मई को क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद 16 जून को एसडीएम को रिपोर्ट सौंपी।
सीढ़ी को लेकर था विवाद
इसमें कहा गया कि सीढ़ी विद्यालय की निजी जमीन पर बनी है। उसे तुड़वाया जाना ठीक नहीं है। वह आम रास्ता भी नहीं है। सूत्रों के मुताबिक जिस रास्ते पर 2.5 फीट की सीढ़ियां बनाई गईं हैं, वह 13 फीट का रास्ता है। सीढ़ी बनाने के बाद 10 फीट का अधिक का रास्ता बचता है। इस रिपोर्ट की जानकारी सलीम को हो गई थी, लेकिन उसमें कोई आपत्ति नहीं की। मोहर्रम पर वह पारिवारिक रूप से ताजिया निकालता है, इसलिए उसने पहले से निर्धारित रास्ते से ताजिया न निकालने की बात कहते हुए विद्यालय के बाहर बनी सीढ़ी तो तुड़वाने की बात कही।
अधिकारियों पर बनाया दबाव
उसने सोचा था कि पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों पर दबाव बनाकर सीढ़ी को तुड़वा दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पहले से निर्धारित मार्ग से ताजिया निकालने की बात कहते हुए सीढ़ी को तुड़वाने से साफ मना कर दिया। साथ ही लेखपाल की रिपोर्ट का भी हवाला दिया था।
शाम को अधिकारियों ने समझाया था
सलीम शुक्रवार शाम से ही सीढ़ियों को तुड़वाने की बात कह रहा था। खबर मिलने पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर गए थे। उससे बातचीत की थी। समझाया था कि वह आम रास्ता नहीं है। विद्यालय की जमीन पर ही सीढ़ी बनी है, जिसे तुड़वाना संभव नहीं है। हालांकि, वह कुछ सुनने को तैयार नहीं था। इसके बाद अधिकारी फोर्स की तैनाती कर वापस लौट गए थे।
सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की हो रही पहचान
घटना के समय बनाई गई वीडियाे व वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस खंगाल रही है। इसमें उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है। वहीं, घटना के बाद से गांव के कई लोग घर छोड़कर भाग निकले हैं। घर पर सिर्फ महिलाएं व बच्चे हैं। पुलिस ने वीडियो व सीसीटीवी फुटेज से कई उपद्रवियों की पहचान भी कर ली है।