नकली नोट छापने के मामले में फरार समाजवादी पार्टी के नेता की प्रापर्टी होगी कुर्क, प्रयागराज पुलिस ने अदालत में दी अर्जी
प्रयागराज पुलिस नकली नोट छापने के मामले में फरार सपा नेता विवेक यादव की संपत्ति कुर्क करेगी। पुलिस ने अदालत में अर्जी दी है और गैरजमानती वारंट की तैया ...और पढ़ें

प्रयागराज पुलिस ने नकली नोट बरामद किए थे। जागरण आर्काइव
HighLights
वांछित अभियुक्त व सरगना सपा नेता विवेक यादव अब तक है फरार
देवरिया निवासी सरगना की गिरफ्तारी पर नेटवर्क का राजफाश होगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नकली नोट छापकर भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश के मामले में वांछित चल रहे समाजवादी पार्टी (सपा) नेता विवेक यादव के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने लगा है। अब उसकी चल और अचल प्रापर्टी भी कुर्क की जाएगी। इसके लिए पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है।
सरायइनायत पुलिस ने फरार चल रहे इनामी अभियुक्त विवेक यादव के खिलाफ गैरजमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के लिए अदालत में अर्जी दी है। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद संपत्ति कुर्क करने समेत अन्य कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बताया गया है कि देवरिया के गौरीगंज निवासी सरगना विवेक यादव की गिरफ्तारी होने पर नकली नोट से जुड़े बड़े नेटवर्क का राजफाश होगा। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि विवेक यादव अपने ठिकाने पर नकली नोट छापकर उसे अलग-अलग एजेंट के माध्यम से ग्रामीण बाजारों में खपत कराता था।
नेपाल बार्डर से लेकर पूर्वांचल के कई जिलों में उसके गिरोह से जुड़े लोग लंबे समय से काम करते आ रहे हैं। मौजूदा समय में विवेक की लोकेशन नेपाल में ही बताई जा रही है, जहां छिपकर वह फरारी काट रहा है। उसकी गिरफ्तारी न होने के कारण पुलिस दूसरे कदम उठा रही है। इसमें एनबीडब्ल्यू जारी करवाने से लेकर प्रापर्टी को कुर्क करने की कार्रवाई को लेकर कवायद तेज की गई है।
बीते माह सरायइनायत पुलिस ने भदोही निवासी राहुल यादव, विवेक कुमार यादव और देवरिया के नरेंद्र उर्फ विराट यादव व धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार करते हुए नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पुलिस की तफ्तीश में गिरफ्तार आरोपितों का सरगना विवेक यादव से बातचीत, चैटिंग समेत दूसरे साक्ष्य मिले थे।
खबरें और भी
पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से एक लाख 18 हजार नकली नोट, छापने के उपकरण, कार समेत अन्य सामान बरामद किया गया था। उस मुकदमे में वांछित विवेक और उसके सहयोगी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी है। फिलहाल थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय गुप्ता का कहना है कि एनबीडब्ल्यू के लिए कोर्ट में अर्जी दी गई है। उसके बाद कुर्की सहित दूसरी कार्रवाई की जाएगी।