विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली चोरी करने वालों की खैर नहीं: प्रयागराज के नौ उपकेंद्र रडार पर, प्रतिदिन चलेगा जांच अभियान

By Rajendra Yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 10 Nov 2026 02:27 PM (GMT+05:30)

प्रयागराज में बिजली विभाग ने बिजली चोरी रोकने और लाइनलास कम करने के लिए सख्त अभियान शुरू किया है। शहर ...और पढ़ें

प्रयागराज में बिजली चोरी के खिलाफ अब और तेज अभियान चलाया जाएगा।

प्रयागराज में बिजली चोरी के खिलाफ अब और तेज अभियान चलाया जाएगा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और लाइनलास कम करने के लिए बिजली विभाग ने अब सख्त रुख अपनाया है। इसके लिए प्रवर्तन दल को विशेष निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से अधिक लाइनलास वाले फीडरों की सूची तैयार कर प्रवर्तन दल को सौंपी गई है। इसमें शहर के नौ उपकेंद्रों के फीडर चिह्नित किए गए हैं, जहां बिजली का नुकसान अधिक हो रहा है।

दो टीमों को जांच की जिम्मेदारी

इन इलाकों में प्रतिदिन जांच अभियान चलाकर बिजली चोरी पकड़ने और लाइनलास कम करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए प्रवर्तन दल प्रथम और द्वितीय की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। दोनों टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विभाग अभियान का बढ़ाएगा दायरा

बिजली चोरी के कारण लाइनलास बढ़ने से विभाग को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ता है। कई क्षेत्रों में बिजली की खपत और बिलिंग के आंकड़ों में अंतर सामने आता है। ऐसे में अब सिर्फ नियमित चेकिंग तक अभियान सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चिह्नित फीडरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच

बिजली चोरी की आशंका वाले घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे उपभोक्ताओं पर भी नजर रखी जाएगी, जो स्वीकृत कनेक्शन से अधिक लोड का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इन उपकेंद्रों में लाइनलास

लाइनलास वाले फीडरों की सूची में करेली, बमरौली, कसारी-मसारी, नैनी, झूंसी, खुसरोबाग, कल्याणी देवी, बेली और तेलियरगंज उपकेंद्र शामिल हैं। इन उपकेंद्रों से जुड़े ऐसे फीडरों को चिह्नित किया गया है, जहां लाइनलास अधिक है। प्रवर्तन दल प्रथम के प्रभारी शेषनाथ सिंह व द्वितीय रामसरन मौर्य को इन क्षेत्रों में रोजाना जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

गहनता से होगी जांच

अभियान के दौरान बिजली के मीटरों की जांच, कनेक्शन की स्थिति और लोड का मिलान किया जाएगा। यदि कहीं अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल होता मिला तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अभियान की नियमित निगरानी होगी

बिजली विभाग का मानना है कि जिन फीडरों पर लगातार लाइनलास अधिक बना हुआ है, वहां बिजली चोरी की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। इसलिए इन इलाकों में अभियान को प्राथमिकता दी गई है। प्रवर्तन दल को यह भी निर्देश दिया गया है कि जांच के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि चिह्नित फीडरों पर लाइनलास में कमी लाई जा सके।

दो-दो टीमों का किया गया गठन

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रवर्तन दल प्रथम और द्वितीय की ओर से दो-दो टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को चिह्नित क्षेत्रों में लगातार जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है। टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली कनेक्शन और मीटरों की जांच करेंगी। जहां भी कटिया लगाकर बिजली चोरी, मीटर बाईपास या अन्य अनियमितता मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टीमों को यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित न रहें। दुकानों, वर्कशाप, छोटे कारखानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाए। कई बार कम क्षमता का कनेक्शन लेकर अधिक बिजली का इस्तेमाल किया जाता है।

मुखबिरों से भी जुटाई जाएगी जानकारी

बिजली चोरी पकड़ने के लिए विभाग अब मुखबिरों की मदद भी ले रहा है। इसके तहत ऐसे लोगों को लगाया गया है, जो अपने क्षेत्रों में चोरी-छिपे बिजली इस्तेमाल करने वालों की जानकारी प्रवर्तन दल तक पहुंचाएंगे। खासतौर पर उन मोहल्लों और गलियों पर नजर रखी जाएगी, जहां लंबे समय से लाइनलास अधिक है। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर टीमें संबंधित स्थानों पर पहुंचकर जांच करेंगी।

ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन भी जांच के दायरे में

बिजली विभाग की नजर अब अवैध तरीके से संचालित हो रहे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशनों पर भी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी-छिपे चल रहे चार्जिंग प्वाइंट का पता लगाया जा रहा है। प्रवर्तन दल यह जानकारी जुटा रहा है कि कहां घरेलू या सामान्य व्यावसायिक कनेक्शन से बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर बिना उचित अनुमति और निर्धारित विद्युत व्यवस्था के चार्जिंग स्टेशन संचालित होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें- 'हिंदी मेरी मां है, अंग्रेजी विलायती मौसी', इलाहाबाद HC के न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी का सेवानिवृत्ति से पूर्व भावुक संदेश

यह भी पढ़ें- प्रयागराज का पद्मलोक अपार्टमेंट: PDA के 602 फ्लैटों वाली आवासीय योजना में आवागमन के दो रास्ते होंगे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।