प्रयागराज की सड़कों पर उतरे सपाई, पैदल मार्च निकाल कर मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला
समाजवादी पार्टी ने 'वोट बचाओ देश बचाओ' अभियान के तहत प्रयागराज में पैदल मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रयागराज में विरोध प्रदर्शन करते समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता। जागरण
HighLights
'वोट बचाओ देश बचाओ' के तहत पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं ने किया विरोध-प्रदर्शन
भाजपा पर मुख्य चुनाव आयुक्त से मिल लोकतंत्र को खत्म करने का लगाया आरोप
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, उन पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च निकाल कर प्रदर्शन किया। जार्जटाउन स्थित पार्टी कार्यालय से हाथ में बैनर, नारे लिखी तख्तियां लेकर पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा व मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भरद्वाज आश्रम चौराहे पर पहुंचे। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया।
भरद्वाज आश्रम चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन, महासचिव रविंद्र यादव, विधायक विजमा यादव, प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह, संतोष यादव, आरएन यादव, सचिन यादव, बब्बन दुबे, सचिन श्रीवास्तव, देवीलाल, पीयूष श्रीवास्तव, विनय कुशवाहा समेत अन्य ने माल्यार्पण करते हुए संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया।
इसके बाद कार्यकर्ता वोट चोर गद्दी छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो आदि नारे लगाते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। यहां राष्ट्रगान के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। उधर, भाजपा के काले कारनामों की हांडी फोड़कर विरोध जताया गया। कहा गया कि भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त मिलकर लोकतंत्र को समाप्त करने में लगे हैं। इस दौरान जगदीश यादव, पंधारी यादव, सत्यवीर मुन्ना, संदीप यादव, मंजू यादव, मुज्तबा सिद्दीकी, दान बहादुर मधुर, कमला यादव, स्मिता जायसवाल, दूधनाथ पटेल आदि रहे।
सड़क पर लेटकर जताया विरोध, पुलिस ने उठाया
वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च के तहत कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर विरोध जताया। पुलिसकर्मियों ने देखा तो सभी को उठाने की कोशिश की, जिस पर मामूली रूप से नोकझोंक हुई और फिर कार्यकर्ता उठ गए। इस दौरान देवीलाल, तारिक सईद अज्जू, मो. शारिक, अमरनाथ मौर्य, योगेश यादव, प्रमोद यादव उर्फ बच्चा आदि रहे।
तीन जगह पुतला फूंका, एक जगह पुलिस से झड़प
सपा कार्यकर्ताओं ने भरद्वाज चौराहे पर तीन जगह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान एक जगह पर पुलिसकर्मियों ने पुतला छीनने की कोशिश की तो कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। धक्का-मुक्की के बीच कार्यकर्ताओं ने पुतला छीनकर जला दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।