प्रयागराज में बनेंगे बिजली के नौ नये उपकेंद्र, लाखों उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग समस्या से मिलेगी राहत
प्रयागराज में 9 नए बिजली उपकेंद्र बनेंगे, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी। इनमें से दो उपकेंद्र चालू हो चुके ...और पढ़ें

उप्र पावर कारपोरेशन प्रयागराज में नौ नये बिजली उपकेंद्र का निर्माण करेगा।
HighLights
उप्र पावर कारपोरेशन 7 उपकेंद्र बनवाने के लिए जमीन चिह्नित कर रहा
दो बिजली उपकेंद्र के लिए भूमि मिली, बीबीपुर व चमनगंज उपकेंद्र चालू
कौशांबी, प्रतापगढ़ के साथ ही फतेहपुर में भी उपभोक्ताओं के लिए होंगे कार्य
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उप्र पावर कारपोरेशन लिमिटेड जिले में लोगों को बिजली और बेहतर तरीके से मिल सके, इसके लिए नये उपकेंद्रों की स्थापना कराएगा। गंगापार और यमुनापार में नौ नये उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इसमें दो के लिए जमीन मिल गई है, जबकि सात जगह के लिए भूमि चिह्नित की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि नये उपकेंद्र बनने से लाखों लोगों को बिजली ट्रिपिंग व लो वोल्टेज की आने वाले समस्या से राहत मिलेगी।
गंगापार में कहां बनेगा नया बिजली उपकेंद्र
गंगापार के मऊआइमा, बहरिया, थरवई, फूलपुर में नये उपकेंद्रों का निर्माण होना है। इसके लिए सबसे पहले जमीन चिह्नित की जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट बनाकर डीएम को सौंपा जाएगा और फिर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। अधीक्षण अभियंता गंगापार सौरभ गौतम ने बताया कि चमनगंज व बीबीपुर में नया उपकेंद्र बनाया गया, जिसे चालू कर दिया गया है।
यमुनापार के इन स्थानों पर होगा उपकेंद्र
उधर, यमुनापार के जूही, कुलमई, कौंधियारा, कोरांव, मांडा क्षेत्र में नये उपकेंद्रों का निर्माण होना है। इसमें जूही व कुलमई के लिए जमीन भी मिल गई है। इसके लिए प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता यमुनापार लोकेश चंद का कहना है कि जूही व कुलमई में जमीन चिह्नित करने के बाद आगे की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके अलावा गंगापार व यमुनापार में 11 उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि भी होगी। 158 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे और 584 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। 234 प्रोटेक्शन कार्य भी किए जाएंगे।
कौशांबी, प्रतापगढ़ व फतेहपुर में भी होंगे कार्य
कौशांबी जिले में 122 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के साथ 64 अन्य विविध कार्य कराए जाएंगे। प्रतापगढ़ जिले में 23 करोड़ रुपये की लागत से आठ उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि होगी।410 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का कार्य होगा। फतेहपुर जिले में पांच नई लाइनें बनाई जाएंगी और पांच उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। साथ ही 678 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि समेत अन्य विद्युत सुधार कार्य कराए जाएंगे।
खबरें और भी
उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में नये उपकेंद्रों का निर्माण, नई लाइनें, उपकेंद्रों व ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे। इससे लाखों उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
- प्रभात आनंद मोगा, मुख्य अभियंता द्वितीय, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड।