विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कबाड़ से खूबसूरत बनेगा प्रयागराज, 'वेस्ट से बेस्ट' थीम पर 30 चौराहों और 100 पार्कों की बदलेगी सूरत

Published: Wed, 23 Sep 2026 12:36 PM (IST)Updated: Wed, 23 Sep 2026 12:37 PM (IST)

प्रयागराज नगर निगम 'वेस्ट से बेस्ट' थीम पर शहर के पार्कों और चौराहों को कबाड़ से सजाकर हरियाली बढ़ाएगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. नगर निगम 'वेस्ट से बेस्ट' थीम पर काम करेगा।

  2. शुरुआत में 30 चौराहों और 100 पार्कों को सजाया जाएगा।

  3. अनुपयोगी वस्तुओं से सजावट और हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में अब कबाड़ और अनुपयोगी वस्तुएं कूड़े के ढेर का हिस्सा बनने के बजाय सजावट और हरियाली बढ़ाने में काम आएंगी। नगर निगम ‘वेस्ट से बेस्ट’ की थीम पर ऐसे स्थान विकसित करने की तैयारी में है, जहां अनुपयोगी सामग्री को रचनात्मक रूप देकर आकर्षक संरचनाएं तैयार की जाएंगी।

इनके साथ पौधारोपण कर हरियाली को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और नवाचार को एक साथ बढ़ावा देने की योजना है। निगम की ओर से शुरुआत में 30 चौराहों और 100 पार्कों को अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक रूप दिया जाएगा। पुराने टायर, प्लास्टिक, लोहे की सामग्री समेत अन्य कबाड़ को उपयोगी और आकर्षक स्वरूप देकर पार्कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सजावट के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।

कचरे के बेहतर प्रयोग के लिए किया जाएगा जागरूक

भरद्वाजपुरम अल्लापुर के लोहा पार्क में अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक डिजाइन तैयार की गई है। कबाड़ से तैयार संरचनाओं के आसपास पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने पर भी जोर रहेगा। अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय जरूरत और उपलब्ध जगह के अनुसार थीम आधारित सजावट की जा सकती है।

इससे बच्चों और शहरवासियों के लिए आकर्षण के नए केंद्र भी विकसित होंगे। नगर निगम के अवर अभियंता राम सक्सेना ने बताया कि , ‘वेस्ट से बेस्ट’ की अवधारणा के जरिए लोगों को कचरे के बेहतर उपयोग के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

शहर में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता को जोड़कर सार्वजनिक स्थलों को नया रूप देने की दिशा में काम होगा। मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान ने बताया कि अनुपयोगी वस्तुओं को उपयोगी बनाए जाने की प्रक्रिया से कूड़ा निस्तारण में भी आसानी होगी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज: पीसीएस-2025 का ब्योरा जारी, 28 सितंबर से 24 अक्टूबर तक चलेंगे साक्षात्कार