NEET में प्रयागराज के जुड़वा भाइयों को मिली सफलता, PCS अधिकारी के बेटों ने पहले प्रयास में ही बाजी मारी
प्रयागराज के रामनगर मुहल्ला के जुड़वा भाई सिद्धार्थ और संजय तिवारी ने पहले ही प्रयास में नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है। पीसीएस अधिकारी दिनेश तिवारी के बे ...और पढ़ें

माता-पिता के साथ नीट की परीक्षा में सफल प्रयागराज के जुड़वा भाई सिद्धार्थ और संजय तिवारी। जागरण
HighLights
नैनी के रामनगर मुहल्ले में रहते हैं सिद्धार्थ और संजय
पिता दिनेश तिवारी पीसीएस अधिकारी व मां गृहणी हैं
संसू, नैनी (प्रयागराज)। रामनगर मुहल्ला के जुड़वा भाइयों ने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता की नई इबारत लिखी है। नीट में पहले ही प्रयास में इनका चयन हुआ है। अपनी पढ़ाई के दौरान वे न तो पेपर लीक की घटना से प्रभावित हुए न दोबारा पेपर देने जाने पर तनाव लिया।
पिछली बार के पेपर को ट्रायल बताया
बताते हैं कि पेपर कैंसिल होने के बाद दूसरी बार जब वे पेपर देने पहुंचे तो इसे नए अवसर के रूप में लिया। माना कि पिछली बार का पेपर ट्रायल था, इस बार और जोर लगाते हुए सफलता हासिल करना है। उनकी मेहनत रंग लाई और दोनों भाइयों ने एक साथ लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
माता-पिता सफलता से गदगद
मूल रूप से जौनपुर जिले में मडियाहूं के चक मलाई निवासी दिनेश तिवारी पीसीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में लखनऊ में चुनाव आयोग के असिस्टेंट डायरेक्टर हैं। इनके जुड़वा पुत्र सिद्धार्थ और संजय ने एक साथ पढ़ाई शुरू की और अब सफलता के पायदान भी चढ़ रहे हैं। पिता के साथ गृहणी माता इस सफलता से गदगद हैं।
मेहनत, अनुशासन से मिली सफलता
सिद्धार्थ और संजय कहते हैं कि नीट में चयन के पीछे मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन है। पूरे मनोयोग से पढ़ाई करते हुए स्वयं से किया वादा पूरा कर लिया है। अब चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।