प्रयागराज में गंगा स्नान करते समय तीन डूबे, एक युवती की हालत गंभीर; दो भाई-बहन सकुशल बचा लिए गए
प्रयागराज के लीलापुर गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान 22 वर्षीय युवती कामिनी डूब गई, जिसकी हालत गंभीर है। ग्रामीणों ने उसके दो रिश्तेदार भाई और बहन कृष ...और पढ़ें

प्रयागराज के सरायइनायत क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान तीन डूबे, दो बचा लिए गए।
HighLights
गंगापार के सरायइनायत थाना क्षेत्र के लीलापुर गंगा घाट पर हादसा
पूरामुफ्ती क्षेत्र के अकोढ़ा की रहने वाली है युवती, अस्पताल में भर्ती
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के सरायइनायत थाना क्षेत्र के लीलापुर गंगा स्थित गंगा घाट पर गुरुवार सुबह हादसा हुआ। गंगा स्नान को गई 22 वर्षीय कामिनी पुत्री मंगला प्रसाद तिवारी निवासी अकोढ़ा पूरामुफ्ती डूब गई। जबकि उसके रिश्तेदार भाई-बहन कृष्णा और अंशिका को ग्रामीणों ने बचा लिया। युवती को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसकी हालत नाजुक होने पर उसे शहर स्थित अस्पताल ले जाया गया है। सरायइनायत पुलिस ने ऐसी किसी घटना की सूचना न मिलने की बात कही है।
निशान चढ़ाए जाने के कार्यक्रम में जुटे रिश्तेदार
सरायइनायत थानांतर्गत लीलापुर कला के रहने वाले सुभाष मिश्रा के यहां शनिवार को ध्वज पटाका (निशान) चढ़ाए जाने का कार्यक्रम है। इसके पहले कथा समेत अन्य कार्यक्रम होने हैं। इसमें शामिल होने के लिए नाते-रिश्तेदार उनके घर आए हुए हैं।
तीनों गंगा में डूबने लगे, ग्रामीणों ने दो को बचाया
गुरुवार सुबह रिश्तेदार मंगला प्रसाद तिवारी की पुत्री कामिनी लीलापुर गंगा घाट पर गंगा स्नान को जाने लगी। यह देखकर प्रतापगढ़ के सुवंसा निवासी राजेंद्र दुबे की 11 वर्षीय पुत्री अंशिका व नौ वर्षीय पुत्र कृष्णा ने भी साथ में चलने की बात कही। लीलापुर घाट पर पहुंचकर तीनों स्नान करने लगे। इसी बीच अचानक वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
अचेत हाल में कामिनी को भी बाहर निकाला गया
तीनों को डूबता देखकर घाट पर मौजूद विनोद शुक्ला, राजेंद्र तिवारी, रवि भारतीय व ज्ञानू मिश्रा ने नदी में छलांग लगा दी और मशक्कत के बाद भाई-बहन अंशिका व कृष्णा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि कामिनी को काफी कोशिश के बाद नदी से बाहर निकाला गया। वह अचेत थी।
खबरें और भी
थाना प्रभारी बोले- अभी घटना की सूचना नहीं
आनन-फानन में कामिनी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखकर डाॅक्टरों ने शहर स्थित अस्पताल ले जाने की सलाह दी। थाना प्रभारी सरायइनायत संजय गुप्ता ने बताया कि अभी घटना की सूचना नहीं मिली है।