प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, पंखे का तार ठीक करते समय करंट की चपेट में आया युवक; चली गई जान
प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र में पंखे का तार ठीक करते समय करंट लगने से 20 वर्षीय छात्र मुकेश की मौत हो गई। यमुनापार में यह लगातार दूसरे दिन हुई ऐसी ...और पढ़ें

प्रयागराज के करछना में करंट से युवक की मौत के बाद बिलखते स्वजन। जागरण
HighLights
11वीं कक्षा का छात्र था मुकेश, हादसे से माहौल गमगीन
यमुनापार के करछना थाना क्षेत्र के कटका गांव की घटना
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार में करछना थाना क्षेत्र के कटका गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह पंखे का तार ठीक कर रहा था। युवक की मौत से परिवार में गमगीन माहौल है।
कटका गांव निवासी आजाद केसरवानी के चार बेटों में 20 वर्षीय मुकेश दूसरे नंबर का था। वह कक्षा 11 में पढ़ता था। सोमवार सुबह कमरे में लगे पंखे में खराबी आ गई थी। इस पर मुकेश पंखा को ठीक करने लगा। इसी दौरान अचानक तार छू जाने से वह करंट की चपेट में आ गया।
मुकेश की चीख सुनकर घरवाले वहां पहुंचे और किसी प्रकार उसे तार से अलग किया। आनन-फानन उसे समीप के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि यमुनापार में दूसरे दिन लगातार ऐसी घटना हुई है।
रविवार सुबह बारा क्षेत्र में करंट से पिता और पुत्र की मौत हो गई थी। घटना उस समय हुई थी जब खेत की सिंचाई करने एक व्यक्ति खेत में गया था। कटे तार से उसका पैर छू गया और करंट की जद में आ गया। यह देख उसका पुत्र बचाने के लिए दौड़ा तो वह भी करंट की जद में आ गया था।