विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RRB JE Recruitment 2026 : रेलवे में जूनियर इंजीनियर के 4098 पदों पर आवेदन शुरू, भर्ती संबंधी पूरा विवरण यहां पढ़ें

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 14 Aug 2026 02:13 PM (IST)

RRB JE Recruitment 2026 भारतीय रेलवे में जूनियर इंजीनियर के 4098 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से ...और पढ़ें

भारतीय रेलवे जूनियर इंजीनियर के 4098 पदों पर भर्ती करेगा, आवेदन शुरू है।

भारतीय रेलवे जूनियर इंजीनियर के 4098 पदों पर भर्ती करेगा, आवेदन शुरू है।

HighLights

  1. भारतीय रेलवे में तकनीकी क्षेत्र में कॅरियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं को अच्छा अवसर

  2. कुल 4098 पदों पर होगी यह नियुक्ति।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। RRB JE Recruitment 2026 भारतीय रेलवे में तकनीकी क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर सामने आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने बहुप्रतीक्षित जूनियर इंजीनियर (जेई) भर्ती परीक्षा 2026 के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी करते हुए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज, 14 अगस्त 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है।

आरआरबी की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करें 

देश भर के विभिन्न रेलवे जोनों और उत्पादन इकाइयों में तकनीकी संवर्ग को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली गई इस भर्ती के तहत कुल 4,098 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक व पात्र अभ्यर्थी संबंधित रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं।

पदों की संख्या 3993 से बढ़कर 4098 हुई 

शुरुआती अधिसूचना के अनुसार कुल पदों की संख्या 3,993 प्रस्तावित की गई थी, जिसे अब रेलवे बोर्ड द्वारा पुनरीक्षित कर बढ़ाकर 4,098 कर दिया गया है। विभिन्न श्रेणियों के अनुसार पदों का विस्तृत वर्गीकरण इस प्रकार है।

अनारक्षित (जनरल वर्ग) : 1,699 पद
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) : 624 पद
अनुसूचित जाति (एससी) : 363 पद
अनुसूचित जनजाति (एसटी) : 913 पद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) : 394 पद

तकनीकी विभागों में नियुक्ति

यह भर्तियां रेलवे के प्रमुख तकनीकी विभागों में की जा रही हैं, जिनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन, और स्टोर डिपार्टमेंट शामिल हैं।

भर्ती संबंधी महत्वपूर्ण तिथियां

उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आवेदन से संबंधित सभी मुख्य तिथियां निम्नवत निर्धारित की गई हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होने की तिथि : 14 अगस्त 2026
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 13 सितंबर 2026
आवेदन शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि : 13 सितंबर 2026
परीक्षा तिथि (सीबीटी शेड्यूल) : बोर्ड द्वारा बाद में आधिकारिक पोर्टल पर अधिसूचित की जाएगी।
प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) : परीक्षा से कुछ दिन पूर्व डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

आयु सीमा और भर्ती के नियम

RRB JE Recruitment 2026 इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 33 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके साथ ही, सरकारी नियमानुसार आरक्षित श्रेणियों जैसे ओबीसी, एससी, एसटी, भूतपूर्व सैनिक और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार विशेष छूट प्रदान की जाएगी।

तकनीकी योग्यता एवं विभाग

रेलवे के विभिन्न विभागों के अनुसार निर्धारित पदों के लिए प्रासंगिक इंजीनियरिंग विषयों (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सिविल, कम्प्यूटर साइंस आदि) में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय अथवा तकनीकी संस्थान से तीन वर्षीय डिप्लोमा अथवा बी.ई./बी.टेक (डिग्री) धारक युवा आवेदन कर सकते हैं। स्टोर विभाग के डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) और सीएमए जैसे पदों के लिए भी संबंधित विषय में योग्यता अनिवार्य रखी गई है।

चयन प्रक्रिया का प्रारूप

रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जूनियर इंजीनियर पदों पर चयन के लिए बहु-स्तरीय परीक्षा प्रणाली अपनाई जाती है।

प्रथम चरण कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-1) : इसमें सामान्य ज्ञान, गणित, सामान्य बुद्धि एवं तर्कशक्ति तथा सामान्य विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं।

द्वितीय चरण कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-2) : इसमें संबंधित तकनीकी ट्रेड (इंजीनियरिंग डोमेन) के गहन विषयों के साथ-साथ पर्यावरण व कंप्यूटर अनुप्रयोग से जुड़े प्रश्न शामिल होते हैं।

दस्तावेज सत्यापन : लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक एवं जाति प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी।

चिकित्सा परीक्षण : रेलवे की तकनीकी सेवाओं के लिए निर्धारित कठोर मेडिकल फिटनेस मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा।

आवेदन कैसे करें?

RRB JE Recruitment 2026 इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि (13 सितंबर 2026) का इंतजार किए बिना समय रहते आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करें। आवेदन भरते समय अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण, फोटो एवं हस्ताक्षर सही प्रारूप में अपलोड करें और निर्धारित शुल्क का भुगतान कर भरे हुए फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

यह भी पढ़ें- Allahabad High Court : कांवड़ यात्रा मार्ग पर चिकन-मटन दुकानें बंद करने संबंधी नोटिस के खिलाफ याचिका खारिज

यह भी पढ़ें- माफिया अतीक की 150 करोड़ की संपत्ति सरकार के पक्ष में होगी कुर्क, सबसे अधिक किस जिले में प्रापर्टी?