रेलवे में बंपर भर्ती: ग्रेजुएट्स युवाओं को अफसर बनने का मौका, 3477 पदों के लिए 8 अक्टूबर से करें आवेदन
भारतीय रेलवे ने ग्रेजुएट युवाओं के लिए RRB NTPC 2026 के तहत 3477 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। आवेदन 8 अक्टूबर से 6 नवंबर तक होंगे।

सूबेदारगंज स्थित रेलवे भर्ती बोर्ड प्रयागराज। जागरण
HighLights
RRB NTPC 2026 का संक्षिप्त विज्ञापन जारी, नवंबर के पहले सप्ताह तक आवेदन होंगे
स्टेशन मास्टर से लेकर गुड्स ट्रेन मैनेजर तक के पदों पर रेलवे की ओर से की जाएगी नियुक्ति
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। RRB NTPC 2026 भारतीय रेलवे में एक प्रतिष्ठित और सुरक्षित सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरीज (NTPC) ग्रेजुएट भर्ती 2026 के लिए संक्षिप्त रोजगार सूचना (CEN No. 06/2026) आधिकारिक रूप से जारी कर दी है।
देश भर में होंगी नियुक्तियां
इस भर्ती अभियान के जरिए देश भर के विभिन्न रेलवे मंडलों और उत्पादन इकाइयों में कुल 3,477 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ये सभी नियुक्तियां सातवें वेतन आयोग (7th CPC) के तहत पे-लेवल 5 और लेवल 6 के उच्च पदों के लिए होंगी।
आवेदन तिथियां और आधिकारिक पोर्टल
रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया संभावित रूप से 8 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। पात्र और इच्छुक अभ्यर्थी 6 नवंबर की रात 11:59 बजे तक अपना ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकेंगे। आवेदन की पूरी प्रक्रिया केवल रेलवे के आधिकारिक भर्ती पोर्टल (rrbapply.gov.in) के माध्यम से ही पूरी की जाएगी। किसी भी अन्य माध्यम, डाक या ऑफलाइन फॉर्म को स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों की आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी।
किन-किन पदों पर होगी भर्ती?
RRB NTPC 2026 इस भर्ती अधिसूचना में ग्रेजुएट स्तर के कई प्रमुख पद शामिल किए गए हैं, जो मुख्य रूप से दो वेतन स्तरों में विभाजित हैं।
पे-लेवल 6: स्टेशन मास्टर और चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर।
पे-लेवल 5: गुड्स ट्रेन मैनेजर (पूर्व में गुड्स गार्ड), सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट।
चयनित होने पर अभ्यर्थी क्या काम करेंगे?
रेलवे में भर्ती होने के बाद अलग-अलग पदों पर चयनित उम्मीदवारों की जिम्मेदारियां भी उनके पद के अनुरूप अलग-अलग और बेहद महत्वपूर्ण होती हैं।
स्टेशन मास्टर: यह किसी भी रेलवे स्टेशन का सबसे महत्वपूर्ण पद होता है। स्टेशन मास्टर पूरे स्टेशन परिसर के सुचारू, सुरक्षित और समयबद्ध परिचालन के लिए जिम्मेदार होते हैं। ट्रेनों को सिग्नल देना, प्लेटफॉर्म का आवंटन करना, आपातकालीन स्थिति में त्वरित निर्णय लेना, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्टेशन के अन्य कर्मचारियों के काम का समन्वय करना इनका मुख्य कार्य होता है।
चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर: इनका मुख्य काम रेलवे के राजस्व, टिकट वितरण और वाणिज्यिक गतिविधियों की देखरेख करना होता है। ये टिकट चेकिंग स्टाफ का पर्यवेक्षण करते हैं, पार्सल व माल ढुलाई के लेन-देन की निगरानी करते हैं और रेलवे को वाणिज्यिक नुकसान से बचाते हैं।
गुड्स ट्रेन मैनेजर (गुड्स गार्ड): मालगाड़ी के सुरक्षित संचालन में इनकी भूमिका अत्यंत अहम होती है। ट्रेन चलने से पहले ब्रेक पावर, कपलिंग और वैगनों की जांच करना, सफर के दौरान लोको पायलट व स्टेशन मास्टर से वॉकी-टॉकी पर संपर्क बनाए रखना और मालगाड़ी को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना इनका मुख्य दायित्व है।
सीनियर क्लर्क व जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट: ये पद रेलवे के प्रशासनिक व वित्तीय कार्यालयों से जुड़े हैं। इनका कार्य कार्यालयी फाइलों का प्रबंधन, कर्मचारियों के वेतन बिल तैयार करना, बजट का रखरखाव, ऑडिटिंग और कंप्यूटर पर विभिन्न डेटा एंट्री का संचालन करना होता है।
परीक्षा का स्वरूप और चयन प्रक्रिया
रेलवे एनटीपीसी में अंतिम चयन बहुस्तरीय पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए होता है। इसमें मुख्यतः निम्नलिखित चरण शामिल होते हैं।
1- कंप्यूटर आधारित पहली परीक्षा (CBT-1)
2- कंप्यूटर आधारित दूसरी परीक्षा (CBT-2)
3- कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT - स्टेशन मास्टर के लिए) अथवा टाइपिंग स्किल टेस्ट (क्लर्क व अकाउंट्स पदों के लिए)
4- दस्तावेज सत्यापन (DV) एवं गहन चिकित्सा परीक्षण (Medical Examination)
परीक्षा में क्या प्रश्न पूछे जाएंगे? (CBT-1 का पैटर्न)
शुरुआती स्क्रीनिंग के लिए आयोजित होने वाली CBT-1 परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाते हैं, जिन्हें हल करने के लिए 90 मिनट का समय मिलता है। इसमें तीन प्रमुख खंड होते हैं।
सामान्य जागरूकता (General Awareness - 40 प्रश्न):
इस खंड में देश-दुनिया की समसामयिक घटनाएं (Current Affairs), भारतीय इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, भारत व विश्व का भूगोल, भारतीय संविधान व राजव्यवस्था, सामान्य विज्ञान (10वीं स्तर की फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी), पर्यावरण, कंप्यूटर ज्ञान तथा प्रसिद्ध खेल व पुरस्कारों से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। गणित (Mathematics - 30 प्रश्न): इसमें बुनियादी 10वीं स्तर का अंकगणित आता है। मुख्य रूप से संख्या पद्धति (Number System), दशमलव, भिन्न, ल.स.प. व म.स.प. (LCM-HCF), अनुपात और समानुपात, प्रतिशत, क्षेत्रमिति (Mensuration), समय और कार्य, समय और दूरी, साधारण और चक्रवृद्धि ब्याज, लाभ और हानि तथा प्रारंभिक सांख्यिकी से सवाल पूछे जाते हैं।
जनरल इंटेलिजेंस व रीजनिंग (General Intelligence & Reasoning-30 प्रश्न):
इसमें अभ्यर्थी की मानसिक व तार्किक क्षमता की परख की जाती है। इसमें सादृश्यता (Analogy), संख्या व वर्णमाला श्रृंखला, कोडिंग-डिकोडिंग, गणितीय संक्रियाएं, रक्त संबंध, दिशा ज्ञान, वेन आरेख, पहेलियां (Puzzles), और कथन-निष्कर्ष जैसे विषयों पर आधारित प्रश्न आते हैं। ध्यान रहे कि परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/3 अंक की निगेटिव मार्किंग का नियम लागू रहेगा।
आधार वेरिफिकेशन को लेकर रेलवे की सख्त हिदायत
रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए आधार सत्यापन को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में किसी भी तरह की परेशानी या देरी से बचने के लिए उम्मीदवार ऑनलाइन फॉर्म भरते समय आधार के जरिए ही अपना प्राथमिक विवरण सत्यापित करें। सफल सत्यापन के लिए अभ्यर्थी का नाम और जन्मतिथि 10वीं कक्षा के उत्तीर्ण प्रमाण पत्र से 100% मेल खानी चाहिए। इसके अलावा, फॉर्म भरने से पहले आधार कार्ड में अपनी नवीनतम फोटो और बायोमेट्रिक्स (फिंगरप्रिंट और आइरिस) को नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाकर अनिवार्य रूप से अपडेट करा लें।
विस्तृत अधिसूचना और सावधानियां
RRB NTPC 2026 यह नोटिस अभी सांकेतिक (Indicative) रूप में जारी किया गया है ताकि अभ्यर्थी पहले से अपने प्रमाण पत्र और दस्तावेज तैयार रख सकें। आयु सीमा में छूट, विस्तृत शैक्षणिक योग्यता, पद-वार मेडिकल स्टैंडर्ड और आवेदन शुल्क से संबंधित विस्तृत जानकारी रेलवे की वेबसाइट (rrb.indianrailways.gov.in) पर जारी होने वाली विस्तृत अधिसूचना में उपलब्ध होगी। रेलवे ने उम्मीदवारों को यह सख्त चेतावनी भी दी है कि वे नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले बिचौलियों, दलालों और असामाजिक तत्वों से पूरी तरह सतर्क रहें।
