विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में भारतीय स्टेट बैंक की जंघई शाखा में लगी भीषण आग, बाइक समेत बैंक में रखे उपकरण जले

By rajendra yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 11 Apr 2026 01:21 PM (IST)

प्रयागराज के गंगापार स्थित जंघई बाजार में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शनिवार सुबह आग लग गई। आग से ...और पढ़ें

प्रयागराज के जंघई स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में लगी आग के दौरान जुटी भीड़। जागरण

प्रयागराज के जंघई स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में लगी आग के दौरान जुटी भीड़। जागरण 

HighLights

  1. गंगापार के जंघई बाजार में है बैंक शाखा, बड़ा हादसा टला

  2. फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई आग

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में जंघई बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) की शाखा में शनिवार भोर में भीषण आग लग गई। इसमें बैंक के भीतर खड़ी एक बाइक समेत कंप्यूटर सिस्टम, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि समय रहते भवन स्वामी की नींद खुल गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मकान मालिक ने आग की लपटें उठती देखी

जिस भवन में एसबीआइ की शाखा स्थित है, उसकी दूसरी मंजिल पर मकान मालिक धर्मेंद्र उर्फ कल्लू जायसवाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार सुबह करीब चार बजे बैंक के भीतर आग लग गई। धीरे-धीरे धुएं ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। सुबह पांच बजे जब धर्मेंद्र की नींद खुली तो उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। नीचे आकर देखा तो बैंक के अंदर से आग की लपटें उठ रही थीं।

फायर ब्रिगेड की टीम व पुलिस पहुंची 

उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तत्काल सरायममरेज पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जंघई चौकी प्रभारी, शरद सिंह, थानाध्यक्ष सरायममरेज अतुल कुमार मिश्रा और फायर ब्रिगेड की टीम सुबह छह बजे मौके पर पहुंची।

शार्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही आशंका

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बैंक का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। बैंक में खड़ी एक बाइक और डिजिटल सिस्टम पूरी तरह नष्ट हो गया था। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग किन कारणों से लगी, अभी यह स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि शार्ट सर्किट से घटना हुई है।

कैश सुरक्षित है या नहीं?

शनिवार को बैंक बंद होने के कारण शाखा प्रबंधक जगदीश सिंह अपने घर पर थे। हालांकि घटना के बाद अन्य बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। शाखा प्रबंधक को सूचना दी गई है। उनके आने और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बैंक के लाकर या कैश को कितना नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने प्रयागराज में कहा- उच्च शिक्षा संस्थानों में आधुनिक तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता

यह भी पढ़ें- नौकरी बचाने के लिए बेसिक विद्यालयों के शिक्षक करेंगे ब्रिज कोर्स, UP के 35,000 अध्यापकों ने कराया है पंजीकरण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।