TGT-PGT की पुरानी नियमावली पर अड़े छात्र, शिक्षा निदेशालय में गुजारी रात; धरनास्थल पर DM से संवाद का किया आग्रह
प्रयागराज में टीजीटी-पीजीटी की पुरानी नियमावली के अनुसार भर्ती में अवसर मांग रहे प्रतियोगी छात्रों ने शिक्षा निदेशालय में रात ...और पढ़ें
HighLights
टीजीटी-पीजीटी की पुरानी नियमावली के अनुसार अवसर मांग रहे प्रतियोगी छात्र
आंदोलनरत छात्रों ने डीएम को बातचीत के लिए धरनास्थल पर आने का आग्रह किया
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। टीजीटी-पीजीटी की पुरानी नियमावली के अनुसार भर्ती में अवसर मांग रहे प्रतियोगी छात्रों का धरना जारी है। सोमवार की रात उन्होंने शिक्षा निदेशालय परिसर में गुजारी। छात्रों का कहना है कि रात में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन वे मांग पूरी होने तक वहीं डटे रहेंगे। शिक्षा निदेशालय में छात्रों का हुजूम देखकर ऐहतियातन भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।
डीएम से धरनास्थल पर आने की मांग
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष पांडेय ने प्रयागराज के जिलाधिकारी (डीएम) को छात्रों से इस मसले पर बातचीत के लिए धरनास्थल पर आने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि संवाद होगा तभी यह गतिरोध टूटेगा।
ठोस निर्णय लेने तक शिक्षा निदेशालय में डटे रहेंगे छात्र
प्रतियोगियों ने कहा कि उनकी मांग बहुत स्पष्ट है, टीजीटी-पीजीटी की पुरानी नियमावली के अनुसार उन्हें अवसर दिया जाए। इससे कम में वे पीछे नहीं हटेंगे। जब तक इस संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे शिक्षा निदेशालय से नहीं बैठे रहेंगे। कहा कि जिलाधिकारी को अब तक धरनास्थल पर आ जाना चाहिए था। पूर्व में जिलाधिकारी आंदोलन स्थल पर आकर छात्रों से सीधे संवाद करते रहे हैं, इसलिए इस बार भी छात्रों के बीच आकर उनकी बात सुनी जानी चाहिए।
बोले- तत्काल वार्ता कर समाधान निकाले प्रशासन
छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग को लेकर बैठे हैं। उनका उद्देश्य केवल अपने भविष्य से जुड़े न्यायपूर्ण अवसर की मांग को शासन तक पहुंचाना है। छात्रों ने प्रशासन से तत्काल वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की है। प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि संघर्ष जारी रहेगा और पुरानी नियमावली के अनुसार एक अवसर मिलने तक वे शिक्षा निदेशालय पर डटे रहेंगे।
