UP Board : ‘APPAR ID' के माध्यम से डिजिटली सुरक्षित रहेंगे विद्यार्थियों के प्रमाणपत्र, खोने-खराब होने की समस्या नहीं होगी
यूपी बोर्ड ने विद्यार्थियों के प्रमाणपत्रों को डिजिटली सुरक्षित रखने के लिए 'अपार' आईडी के उपयोग को प्रोत्साहित किया है। ...और पढ़ें

अपार आईडी से यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों के प्रमाणपत्र सुरक्षित रहेंगे।
HighLights
बोर्ड ने कक्षा नौ व 11 के पंजीकरण और 10 व 12 के परीक्षा फार्म में ‘अपार’ आइडी दर्ज कराने को कहा
यूपी बोर्ड सचिव बोले- आईडी का निर्माण अभिभावकों की सहमति से सरल प्रक्रिया के तहत किया जाता है
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। कक्षा नौ एवं 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र भरते समय ‘अपार’ आइडी का विवरण देना अनिवार्य तो नहीं है, लेकिन यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने विद्यार्थियों के व्यापक हित में इसे दर्ज कराने को कहा है। बताया है कि इस आईडी का निर्माण अभिभावकों की सहमति से सरल प्रक्रिया के तहत किया जाता है। ऐसे में सभी प्रधानाचार्य अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि से पहले शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की ‘अपार’ आइडी प्रविष्ट कराने के प्रयास अवश्य करें।
अग्रिम पंजीकरण एवं परीक्षा आवेदन पत्र भरे जाने की प्रक्रिया के बीच बोर्ड सचिव ने प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विवरण को पारदर्शी, त्रुटिरहित और सुरक्षित रखने के लिए अपार आईडी बनवाने पर जोर दिया है। यह ‘वन नेशन, वन स्टूडेंट आइडी’ की अवधारणा पर आधारित 12 अंकों की स्थायी डिजिटल पहचान है। इसके माध्यम से विद्यार्थी की स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक की शैक्षणिक यात्रा से संबंधित क्रेडिट, रिपोर्ट कार्ड और अन्य विवरण एक स्थान पर सुरक्षित रह सकेंगे।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों के अंकपत्र, स्थानांतरण प्रमाणपत्र समेत अन्य प्रमाणपत्र डिजीलाकर पर डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने में सुविधा होगी। इससे भविष्य में दस्तावेजों के खोने या क्षतिग्रस्त होने की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों के सही शैक्षणिक विवरण के आधार पर छात्रवृत्ति, कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
