UP Board Exam 2026 : काॅपियों के मूल्यांकन में अनुपस्थित रहने वाले परीक्षकों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई, यूपी बोर्ड की सख्ती
UP Board Exam 2026 उत्तर प्रदेश बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में अनुपस्थित रहने वाले परीक्षकों के खिलाफ सख्त ...और पढ़ें

यूपी बोर्ड प्रयागराज की फाइल फोटो।
HighLights
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परीक्षक नियुक्त
राजकीय, एडेड व स्ववित्तपोषित स्कूल शिक्षकों से परीक्षक का कार्य कराने के निर्देश
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP Board Exam 2026 हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की लिखित परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए नियुक्त कई परीक्षक मूल्यांकन कार्य के दौरान अनुपस्थित रहते हैं। ऐसे में यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।
इन स्कूलों के शिक्षक करेंगे परीक्षण कार्य
UP Board Exam 2026 बोर्ड सचिव ने परीक्षक के रूप में नियुक्त राजकीय, एडेड व स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों से अनिवार्य रूप से परीक्षक का कार्य कराए जाने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि मूल्यांकन कार्य न करने वाले परीक्षकों के विरुद्ध कर्तव्यों की उपेक्षा के आधार पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से
UP Board Exam 2026 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से एक अप्रैल तक कराया जाएगा। इसके लिए प्रदेश भर में 249 केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 70 अंकों की लिखित परीक्षा के अंतर्गत 20 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई गई है तथा शेष 50 अंकों की परीक्षा उत्तर पुस्तिकाओं पर हुई है।
निर्धारित पूर्णांक से अधिक प्राप्तांक न होने पाए
UP Board Exam 2026 ऐसे में जिला विद्यालय निरीक्षक इस आशय के निर्देश जारी करें कि निर्धारित पूर्णांक से अधिक प्राप्तांक किसी भी दशा में न होने पाए। मूल्यांकन कार्य पूरी सतर्कता के साथ कराने के लिए परीक्षकों को मूल्यांकन शुरू होने के एक दिन पहले केंद्र पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि किसी तरह की त्रुटि न होने पाए। केंद्रों पर अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोकने के लिए परीक्षकों को नियुक्ति पत्र/परिचय पत्र जारी किए गए हैं। बिना परिचय पत्र के किसी भी कार्मिक को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।