यूपी बोर्ड का बड़ा कदम, खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को बोनस अंक देगा
यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के खिलाड़ी परीक्षार्थियों को बोनस अंक देने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। यह योजना राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्री ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज।
HighLights
पांच से लेकर 20 नंबर तक बोनस अंक के रूप में देने का बोर्ड ने भेजा संशोधित प्रस्ताव
हाईस्कूल में अंकपत्र में प्रदर्शित होंगे बोनस अंक, इंटरमीडिएट में प्राप्ताक में जोड़े जाएंगे
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। विभिन्न खेलों में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के उन खिलाड़ी परीक्षार्थियों को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) परीक्षा में बोनस अंक प्रदान कर सम्मान व प्रोत्साहन देगा। ऐसे विद्यार्थियों को बोर्ड बोनस अंक देगा जिन्होंने राज्य, राष्ट्रीय स्तर या अंतरराष्ट्रीय पर प्रथम/द्वितीय/तृतीय स्थान प्राप्त किए हैं। इन्हें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में पांच से लेकर 20 नंबर तक बोनस अंक के रूप में देने की योजना का संशोधित प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
एसजीएफआइ की प्रतियोगिता में प्रतिभाग पर बोनस अंक
बोनस अंक स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया (एसजीएफआइ) द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग पर ही देय होंगे। सर्वाधिक बोनस अंक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजेता होने पर दिए जाएंगे। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने शासन को भेजे प्रस्ताव में स्पष्ट किया है कि बोनस अंक केवल उन्हीं परीक्षार्थियों को दिए जाएंगे, जिन्होंने हाईस्कूल अथवा इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होने से पूर्व प्रतियोगिता में प्रथम/द्वितीय/तृतीय स्थान प्राप्त करने का प्रमाणपत्र या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का प्रमाणपत्र परीक्षा वर्ष की 31 जनवरी तक प्राप्त किए हों।
कैसे जोड़े जाएंगे अंक
हाईस्कूल परीक्षा में परीक्षार्थियों को प्रदान किए जाने वाले बोनस अंक उनके अंकपत्र/प्रमाणपत्र में प्रदर्शित किए जाएंगे। इंटरमीडिएट में अभी ग्रेडिंग व्यवस्था नहीं होने के कारण परीक्षा में प्रदान किए जाने वाले बोनस अंक उनके कुल प्राप्तांक में जोड़े जाएंगे। परीक्षार्थी के अनुत्तीर्ण होने की दशा में बोनस अंक किन्हीं दो विषयों में ग्रेस मार्क के रूप में जोड़े जाएंगे। एक प्रमाणपत्र पर परीक्षार्थी को एक बार ही बोनस अंक दिया जाएगा। यदि किसी परीक्षार्थी के पास एक से अधिक प्रमाणपत्र हैं तो अधिकतम अंक प्रदान करने वाला प्रमाणपत्र स्वीकार किया जाएगा।
अगले वर्ष 10 व 12वीं की परीक्षा में बोनस अंक
योजनानुसार राज्य स्तर पर प्रथम/द्वितीय/तृतीय स्थान प्राप्त हाईस्कूल/इंटरमीडिएट के खिलाड़ी परीक्षार्थी को पांच-पांच बोनस अंक, राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग के लिए क्रमश: 10-10 अंक, राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम/द्वितीय/तृतीय स्थान प्राप्त किए होने पर क्रमश: 15-15 अंक तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने पर क्रमश: 15-15 तथा प्रथम/द्वितीय/तृतीय स्थान प्राप्त करने पर क्रमश: 20-20 बोनस अंक दिए जाएंगे। कक्षा नौ एवं 11 में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी परीक्षार्थियों को अगले वर्ष क्रमश: कक्षा 10 व 12 की परीक्षा में बोनस अंक देय होंगे।
खबरें और भी
खेल को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण कदम
इस सम्मान/प्रोत्साहन योजना से हाईस्कूल/इंटरमीडिएट परीक्षा में कंपार्टमेंट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले खिलाड़ी परीक्षार्थी आच्छादित नहीं होंगे। इस पहल को विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।