आषाढ़ में जेठ सी तपिश… प्रयागराज और झांसी बने सबसे गर्म शहर, मानसून ने कहां लगाया ब्रेक? लेटेस्ट अपडेट
प्रयागराज में आषाढ़ माह में भी भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है, जहां तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ...और पढ़ें

HighLights
प्रयागराज में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज।
मानसून ब्रेक के कारण बढ़ी भीषण उमस और गर्मी।
19 जुलाई से मानसून सक्रिय होने पर मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। आषाढ़ का महीना होने के बावजूद प्रयागराज में मौसम ने जेठ जैसी तपिश का अहसास करा दिया है। जुलाई के दूसरे सप्ताह में मानसून की रफ्तार थमने से शहर भीषण उमस और चिपचिपी गर्मी की चपेट में है।
बुधवार को प्रयागराज का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो झांसी के बराबर रहा। इस तरह दोनों शहर प्रदेश के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने पर गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मध्य गंगा के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों 'मानसून ब्रेक' जैसी स्थिति बनी हुई है। इसके चलते पिछले कई दिनों से व्यापक वर्षा नहीं हो रही है। बारिश की कमी के कारण दिन का तापमान फिर 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
वहीं, हवा में नमी अधिक होने से उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह आर्द्रता 66 प्रतिशत रही, जबकि शाम तक यह 59 प्रतिशत पर बनी रही। तेज धूप के बावजूद वातावरण में नमी कम नहीं हुई, जिससे दिनभर चिपचिपी गर्मी का एहसास होता रहा।
खबरें और भी
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वायुमंडलीय एवं समुद्र अध्ययन केंद्र के प्रमुख प्रो. शैलेंद्र राय ने बताया कि मानसून ब्रेक वह स्थिति होती है, जब मानसूनी ट्रफ अपने सामान्य स्थान से उत्तर की ओर खिसक जाती है। इसके परिणामस्वरूप मैदानी इलाकों में व्यापक वर्षा की गतिविधियां कमजोर पड़ जाती हैं और केवल कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में पिछले कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही तो बनी हुई है, लेकिन बारिश नहीं होने से तापमान और उमस लगातार बढ़ रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून सक्रिय था और अच्छी वर्षा हुई थी, लेकिन फिलहाल यह एक अस्थायी ब्रेक की स्थिति है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है।
19 और 20 जुलाई को बारिश की गतिविधियां और तेज होने के आसार हैं। इससे अधिकतम तापमान घटकर 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
गत छह वर्ष में जुलाई माह में अधिकतम तापमान
| वर्ष | अधिकतम तापमान | तिथि |
| 2025 | 37.6 | 22 जुलाई |
| 2024 | 39.8 | 18 जुलाई |
| 2023 | 39.1 | 28 जुलाई |
| 2022 | 39.8 | 08 जुलाई |
| 2021 | 39.7 | 06 जुलाई |
| 2020 | 37.8 | 18 जुलाई |