PCS Exam : ...तो वर्ष 2027 से पीसीएस भर्ती प्रक्रिया पटरी पर आ जाएगी, ठोस तैयारी कर रहा उप्र लोक सेवा आयोग
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) पीसीएस भर्ती प्रक्रिया को नियमित करने के लिए प्रयासरत है। आयोग का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक पीसीएस भर्ती सत्र ...और पढ़ें

यूपीपीएससी का लक्ष्य वर्ष 2027 तक पीसीएस परीक्षा प्रक्रिया को नियमित करना है।
HighLights
पीसीएस-2024 के परिणाम का इंतजार, पीसीएस-2025 की मुख्य परीक्षा शेष
आयोग के वर्ष 2027 के कैलेंडर में व्यवस्थित हो सकता है भर्तियों का कार्यक्रम
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस भर्ती प्रक्रिया को फिर से समयबद्ध और नियमित करने की दिशा में ठोस तैयारी शुरू कर दी है। आयोग की ओर से जारी 81 दिनों के भर्ती कैलेंडर में इसको लेकर तैयारी साफ दिख रही है।
पीसीएस-2026 की प्रारंभिक परीक्षा वर्ष दिसंबर की छह तारीख को प्रस्तावित है। ऐसे में इस वर्ष भर्ती सत्र सामान्य स्थिति में नहीं रहेगा। हालांकि आयोग का दूरगामी उद्देश्य है कि वर्ष 2027 से पीसीएस भर्ती सत्र पूरी तरह पटरी पर लौट आए और अभ्यर्थियों को लंबे इंतजार और अनिश्चितता से राहत मिल सके।
पीसीएस-2024 की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं लेकिन अभी तक इसके परिणाम का इंतजार किया जा रहा है। इसकी बड़ी वजह वर्ष 2024 में आरओ-एआरओ-2023 प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी के कारण आयोग को कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ीं।
पीसीएस-2024 की प्रारंभिक परीक्षा भी इसी कारण टल गई थी, जिसे बाद में 22 दिसंबर 2024 को आयोजित किया गया। इसके बाद मुख्य परीक्षा तो हो गई लेकिन परीक्षाओं का क्रम बिगड़ता चला गया। इसी तरह पीसीएस-2025 भी अपने तय समय से पीछे चल रही है। कैलेंडर में इसकी मुख्य परीक्षा 29 मार्च 2026 से प्रस्तावित है। यानी पीसीएस-2024 जहां लगभग दो साल देरी से आगे बढ़ी वहीं पीसीएस-2025 भी करीब एक साल पीछे चल रही है। इस स्थिति ने हजारों अभ्यर्थियों की तैयारी, आयु सीमा और करियर योजना पर असर डाला है।
खबरें और भी
आयोग ने पीसीएस-2026 की प्रारंभिक परीक्षा छह दिसंबर 2026 को कराने का निर्णय लिया है। यानी इससे कई माह पूर्व ही आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दिसंबर में प्रस्तावित पीसीएस-2026 का अंतिम परिणाम जाहिर तौर पर 2027 के आखिरी महीनों में आ सकता है। ऐसे में आयोग के सामने 2027 से भर्ती कैलेंडर को पटरी पर लाना सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा। हालांकि आयोग ने इससे पहले पीसीएस-2023 में सत्र सुधार कर मिसाल पेश की थी जब उसी वर्ष परीक्षा कराकर परिणाम भी घोषित कर दिया गया था लेकिन 2024 में घटनाक्रम ऐसा रहा कि पूरी परीक्षा व्यवस्था फिर से बिगड़ गई और पीसीएस भर्ती तय समय से काफी पीछे चली गई।
अब आयोग का पूरा फोकस पीसीएस-2027 पर है। योजना यह बनाई जा रही है कि पीसीएस 2027 की भर्ती प्रक्रिया विज्ञापन, प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और अंतिम परिणाम एक ही वर्ष में पूरी कर ली जाए। यदि यह लक्ष्य हासिल होता है तो पीसीएस भर्ती दोबारा नियमित सत्र में आ जाएगी।