रायबरेली: सड़क हादसे में गई युवती की जान, तीन अन्य लोग हुए घायल
रायबरेली के जगतपुर में हुए सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अतिरिक्त, जिले में एक गिट्टी लदा डंपर प ...और पढ़ें

सड़क हादसे में गई युवती की जान।
HighLights
जगतपुर में बाइक हादसे में युवती चांदनी की मौत।
गिट्टी लदा डंपर अनियंत्रित होकर खड्ढ में पलटा।
डाकघर के पास बाइक अनियंत्रित होने से ओमकार घायल।
जागरण संवाददाता, ऊंचाहार (रायबरेली)। जगतपुर के धोबहा पुल के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जगतपुर के ओखाहरा निवासी चांदनी अपनी बुआ के घर चौहान का पुरवा आई थी। शनिवार की शाम वह पूरे बक्श के दीपू के साथ बाइक से लक्ष्मणपुर जा रही थी।
धोबहा पुल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी जगतपुर ले जाया गया, जहां ईएमओ डा. विपिन कुमार ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपू का इलाज किया जा रहा है। जगतपुर थानाध्यक्ष वागीश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अटौरा मोड़ के पास गिट्टी लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ढ में पलट गया। चालक रमेश ने बताया कि वह महोबा से गिट्टी लेकर अयोध्या जा रहे थे। अचानक झपकी आने से डंपर अनियंत्रित हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला गया। उन्हें मामूली चोटें आईं, जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया।
सतांव बिल्हऊमऊ के रहने वाले ओमकार सिंह लालगंज की ओर से अपने गांव जा रहे थे। थाने से चंद कदम दूर डाकघर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सीएचसी जतुवा टप्पा भेजा, जहां उनका उपचार किया गया।