2.50 लाख श्रमिकों की बनेगी फैमिली ID, 26 हजार का बनेगा आयुष्मान कार्ड; रायबरेली में 24 सितंबर से लगेंगे शिविर
रायबरेली में श्रम विभाग ढाई लाख पंजीकृत श्रमिकों की फैमिली आईडी बनाएगा और 26 हजार श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड तैयार करेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
ढाई लाख पंजीकृत श्रमिकों की बनेगी फैमिली आईडी।
छब्बीस हजार श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड तैयार होंगे।
श्रम विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर शिविर लगेंगे।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। जिले में श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की अब फैमिली आईडी बनाई जाएगी। इसके साथ ही 26 हजार श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की तैयारी है। इसके लिए श्रम विभाग की ओर से अलग-अलग तिथियों में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में श्रमिकों के पंजीकरण से संबंधित कार्य के साथ स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा।
ऊंचाहार के श्रमिक रमेश कुमार ,रोहनिया के राकेश सरोज ने बताया कि अब फैैमिली आईडी बनने पर हमारे व हमारे परिवार का रिकॉर्ड एक ही जगह से पता चल सकेगा। जिससे सहूलियत मिलेगी। जगतपुर के राजरानी ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनने से अब कम से कम उपचार तो हो सकेगी, क्योंकि अभी तक श्रमिक को उपचार करवाने में पैसे तक निजी अस्पताल में देनी पड़ रही है।
श्रमिक रामसुख, द्रौपदी, धीरज, गंगासेवक ने बताया कि शासन का फैसला श्रमिक के हित में है। श्रम विभाग के सहायक श्रमायुक्त उमेश कुमार ने बताया कि जिले में श्रमिक विभाग में करीब ढाई लाख पंजीकृत हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों तक पहुंचाने के लिए फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके लिए श्रमिकों को शिविर में पहुंचकर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे। फैमिली आइडी बनने के बाद सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में आसानी होगी। वहीं, चिन्हित करीब 26 हजार श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रहेगी।
यहां श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा। जिन्होंने बताया कि श्रमिकों की सुविधा को देखते हुए कैपरगंज में 24व 25 सितंबर, चंपा देवी मंदिर के पास 28 व 29 सितंबर और गोल चौराहा पर एक व दो अक्टूबर को शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों की तिथियों की जानकारी श्रमिकों को विभागीय स्तर से दी जाएगी।
