विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गैस उपभाेक्ताओं के लिए नया नियम लागू, PNG कनेक्शन न लेने पर बंद हाे जाएगी घरेलू एलपीजी रिफिल

Published: Wed, 23 Sep 2026 04:30 PM (IST)

रायबरेली में उन उपभोक्ताओं की एलपीजी रिफिल बंद कर दी जाएगी जिन्होंने नोटिस के 90 दिन बाद भी पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन नहीं लिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 90 दिन बाद पीएनजी कनेक्शन न लेने पर एलपीजी रिफिल बंद होगी।

  2. तेल कंपनियों ने 363 उपभोक्ताओं को अंतिम नोटिस जारी की है।

  3. पेट्रोलियम मंत्रालय पीएनजी लाइन वाले क्षेत्रों में सख्ती बरत रहा है।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। जिन उपभोक्ताओं ने नोटिस के 90 दिन बाद भी पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन नहीं लिया है, उनकी एलपीजी रिफिल बंद कर दी जाएगी। इसके लिए तेल कंपनियों ने ऐसे 363 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी की है। पीएनजी लाइन वाले मोहल्लों में कनेक्शन न लेने पर पेट्रोलियम मंत्रालय लगातार सख्ती कर रहा है।

अमेरिका व ईरान के युद्ध के बाद से पीएनजी लाइन का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। इसके तहत शहर में अब तक सात हजार दो सौ 41 लोगों को पीएनजी से जोड़ा गया है। अब तक करीब 12 मोहल्लों में 191 किमी की पाइप लाइन बिछा दी गई है। वहीं, अन्य मोहल्लों में 140 किमी की पाइप लाइन बिछाने का काम जारी है।

प्रतिदिन करीब 25 कनेक्शन

कार्यदायी संस्था भारत पेट्राेलियम कारपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा प्रतिदिन करीब 25 कनेक्शन किए जा रहे हैं, जबकि इसके पहले महज पांच कनेक्शन ही पीएनजी के होते थे। करीब तीन माह पहले पेट्रोलियम मंत्रालय ने आदेश जारी किया था कि जिन मोहल्लों में पीएनजी लाइन बिछ गई है, वहां के लोगों को कनेक्शन लेना अनिवार्य है।

इसके बाद मंत्रालय ने सख्ती की और कनेक्शन न लेने वालों को नोटिस जारी की, जिसमें लिखा गया कि तीन महीनों में कनेक्शन न लेने पर एलपीजी सिलिंडर बंद कर दिया जाएगा। ऐसे करीब एक हजार से अधिक एलपीजी कनेक्शन धारकों को नोटिस भेजी गई थी।

अब 90 दिन बीतने के बाद पेट्रोलियम कंपनियों ने अंतिम नोटिस जारी की है, जिसमें लिखा गया है कि पीएनजी कनेक्शन न लेने पर अगली रिफिल रोक दी जाएगी और कनेक्शन भी बंद कर दिया जाएगा। प्रथम चरण में ऐसे 363 उपभोक्ताओं की सूची जारी की गई है। अगले चरण में ऐसे और उपभोक्ताओं को नोटिस जारी की जाएगी।

एलपीजी उपभोक्ताओं को 90 दिन पहले नोटिस भेजकर रिफिल बंद होने की जानकारी दी गई थी, इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया। अब उनका एलपीजी रिफिल बंद कर दी जाएगी।

-सुदीप कुमार, प्रबंधक सेल्स, बीपीसीएल