रायबरेली : पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को लगी गोली, पांच गिरफ्तार; चोरी के 12.400 KG चांदी के गहने बरामद
रायबरेली में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय गिरोह के दो बदमाशों को गोली लगी और पांच गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने तकिया चौराहा पर हुई सराफा दुकानों की ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली।
अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्य मौके से गिरफ्तार।
12.4 किलो चांदी के जेवरात और चोरी का सामान बरामद।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। मिल एरिया के लोनियन का पुरवा शारदा नहर के पास गुरुवार की देर रात अंतरजनपदीय गिरोह के बदमाशों और एसओजी व पुलिस टीम से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो युवकों के पैर में गोली लगी।
दोनों को अमावां सीएचसी फिर वहां से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनके अलाव तीन अन्य आरोपितों को भी मौके से पकड़ा गया है। पुलिस ने सामान बरामद करते हुए तकिया चौराहा पर पांच सराफा दुकानों में हुई घटना का राजफाश कर दिया। साथ ही अमेठी के मोहनगंज में हुई चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
तीन अगस्त की रात मिल एरिया के तकिया चौराहा स्थित पांच सराफा दुकानों के शटर तोड़कर बदमाश सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान बटोर ले गए थे। सर्राफ शुभम मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की थी। गुरुवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि लोनियन का पुरवा शारदा नहर के पास कुछ लोग चोरी का सामान बांट रहे हैं।
पुलिस ने घेराबंद कर पकड़ा
जानकारी मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में सीतापुर के महोली थाने के पेंदरई निवासी शिवकुमार के दाहिने और सीतापुर के महोली के पेंदरई के बबलू के बाएं पैर में गोली लगी। इसके अलावा सीतापुर के पेंदरई व अस्थायी पता लखीमपुर के मितौली के तेंदुआ निवासी राकेश उर्फ छोटे, सीतापुर के कोतवाली नगर के लोनियन का पुरवा के लवकुश, सीतापुर के महोली के लालपुर सिकडिहा निवासी सागर वर्मा को पकड़ा है।
सागर सुनारी का काम करता था, जो गिरोह में शामिल था। बदमाशों के पास से 12 किलो 400 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इसके अलावा बदमाशों के पास से अमेठी के मोहनगंज थाने में की गई चोरी के चार किलो 460 ग्राम चांदी के आभूषण भी मिले हैं।
खबरें और भी
एसपी रवि कुमार का कहना है कि पांच सराफा दुकानों के ताले टूटे थे, जिसमें दो दुकानों में चोरी हुई थी, वहां से चांदी का सामान गया था। उसी घटना का राजफाश किया गया। एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी भी बरामद हुई है। पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिनों पहले अमेठी जनपद के मोहनगंज में भी चोरी की थी, उस घटना का भी माल बरामद हुआ है। सभी को जेल भेजा जा रहा है।
सराफा की दुकानें रहती थी निशाने पर
अंतरजनपदीय गिरोह के पांचों सदस्य सीतापुर के रहने वाले हैं। स्विफ्ट गाड़ी जो राकेश के नाम है, उसी में लोहे की राड, सब्बल, असलहा व अन्य सेंधमारी में प्रयुक्त होने वाले औजार लेकर निकलते थे। गिरोह रात के समय ही निकलता था। जहां भी घटना करनी होती था, पहले उसकी रैकी करते थे। बीते दिनों अमेठी के मोहनगंज में भी ऐसी करके चारी की थी। उसके बाद अमावां के तकिया में आकर दुकानों के शटर तोड़े।
आपराधिक इतिहास
राकेश के विरुद्ध सीतापुर, हरदोई, खीरी, अमेठी व रायबरेली जनपद में 14 मुकदमें दर्ज हैं, इसमें 10 मुकदमें सीतापुर जनपद में दर्ज किए गए हैं। शिवकुमार के विरुद्ध सीतापुर, रायबरेली व अमेठी में 10 मुदकमें दर्ज हैं।