भारतीय रेलवे का ऐसा हाल? रायबरेली के 5 रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन फॉर्म नहीं, सादे कागज से काम
रायबरेली के पांच रेलवे स्टेशनों पर एक सप्ताह से आरक्षण फॉर्म उपलब्ध नहीं हैं, जिससे यात्रियों को टिकट बुक कराने में परेशानी हो रही है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
पांच रेलवे स्टेशनों पर आरक्षण फॉर्म अनुपलब्ध।
यात्री सादे कागज पर विवरण लिखवा रहे।
उच्चाधिकारियों को फॉर्म की मांग भेजी गई।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। रायबरेली, लालगंज, बछरावां, डलमऊ व ऊंचाहार रेलवे स्टेशनों पर संचालित कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों में एक सप्ताह से आरक्षण फार्म उपलब्ध नहीं हैं। इससे ट्रेनों में आरक्षित टिकट बुक कराने पहुंच रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फॉर्म के अभाव में कर्मचारियों को सादे कागज पर यात्रियों का विवरण लिखवाकर आरक्षण की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। आरक्षण केंद्रों पर टिकट बनवाने के लिए पहुंच रहे यात्रियों को उम्मीद रहती है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत आसानी से आरक्षण हो जाएगा, लेकिन फॉर्म नहीं मिलने से उन्हें असुविधा हो रही है।
खासकर उन यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है, जिन्हें यात्रा की तारीख नजदीक होने के कारण जल्द टिकट बुक कराना है। पांचों केंद्रों पर एक जैसी समस्या होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। यात्री रविशंकर, कपिल और देव प्रकाश सिंह ने बताया कि आरक्षण केंद्रों पर करीब एक सप्ताह से फार्म नहीं मिल रहे हैं।
ऐसे में टिकट बुक कराने के लिए सादे कागज पर ही यात्रियों का विवरण लिखकर आवेदन करना पड़ रहा है। ऊंचाहार स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार, बछरावां स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार व रायबरेली आरक्षण प्रभारी सरोज ने बताया कि आरक्षण फार्म की डिमांड उच्चाधिकारी को भेजी गई है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि जांच कराकर जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।