रायबरेली : ऊंचाहार रेलवे स्टेशन पर जलभराव से परेशान कर्मचारियों ने छोड़े सरकारी आवास, किराए के मकान में हुए शिफ्ट
ऊंचाहार रेलवे स्टेशन परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से सरकारी आवासों में जलभराव हो गया है। इससे परेशान कर्मचारियों को अपने आवास छोड़कर कि ...और पढ़ें

HighLights
ऊंचाहार रेलवे स्टेशन पर जल निकासी की समस्या।
सरकारी आवासों में जलभराव से कर्मचारी परेशान।
कर्मचारियों ने किराए पर लिए नए मकान।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। ऊंचाहार रेलवे स्टेशन परिसर में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से रेलवे के सरकारी आवासों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश के बाद पानी आवासीय परिसर तक पहुंचने से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात से परेशान कई कर्मचारी सरकारी आवास छोड़कर किराए पर कमरे लेकर रहने को मजबूर हैं।
रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि स्टेशन परिसर व आसपास के क्षेत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आवासों व बारिश का पानी जमा हो जाता है। धीरे-धीरे पानी सरकारी आवासों तक पहुंच जाता है। इससे आवासों में रहने वाले कर्मचारियों व उनके परिवारों को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कत होती है।
फैली गंदगी और कीचड़
जलभराव के कारण आवासों के आसपास गंदगी व कीचड़ की स्थिति भी बनी रहती है। कर्मचारियों ने बताया कि बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी की निकासी नहीं होने से लंबे समय तक जलभराव रहता है। ऐसे में परिवार के साथ सरकारी आवास में रहना मुश्किल हो जाता है। कई कर्मचारियों ने मजबूरी में आवास खाली कर कमरे किराए पर ले लिए हैं।
यह भी पढ़ें- बेटे अबान के जनाजे में शामिल हो सकती है शाइस्ता परवीन? प्रयागराज में STF अलर्ट
इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक भार भी उठाना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठी का कहना है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने व सरकारी आवासों के आसपास जमा पानी की निकासी कराने की मांग उच्चाधिकारियों से की गई है। जिस बारे में विभागीय रिपोर्ट भी भेज दी गई है।