विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर जेल से रिहा होने से ठीक पहले ED ने आजम खान को किया गिरफ्तार, अब्दुल्ला जेल से बाहर

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:43 PM (IST)Updated: Sat, 31 Oct 2026 09:16 PM (IST)

रामपुर में सपा नेता आजम खान की रिहाई की उम्मीद के बीच ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और डासना ...और पढ़ें

आजम खान को अपने साथ लेकर जाती ईडी की टीम

आजम खान को अपने साथ लेकर जाती ईडी की टीम

जागरण संवाददाता, रामपुर। दो पैन कार्ड मामले में लगभग साल भर से जेल में बंद आजम खान रिहा होते ही गिरफ्तार हो गए। मनी लांड्रिंग के आरोप में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने उन्हें जेल के गेट पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम उन्हें अपने साथ गाजियाबाद ले गई है। गिरफ्तारी के दौरान जेल के गेट पर आजम खान के समर्थकों ने ईडी के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाए।

धक्का-मुक्की के बीच बड़ी संख्या में पुलिस व सीआरपीएफ के जवान मुस्तैद रहे। आजम खान के साथ जेल से रिहा हुए उनके बेटा अब्दुल्ला समर्थकों के बीच अपने घर पहुंच गए।

दो पैन कार्ड बनवाने और उनका लाभ लेने के मामले में आजम खान और उनके बेटे को पिछले वर्ष 17 नवंबर को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल से सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी। तभी से वह जिला कारागार में बंद थे।

अभियोजन पक्ष की अपील पर एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट सेशन ट्रायल में आजम खान की सजा बढ़ाकर दस वर्ष कर दी गई थी। इसके खिलाफ आजम की ओर से हाई कोर्ट इलाहाबाद में याचिका प्रस्तुत की गई।

29 अक्टूबर को हाई कोर्ट ने आजम और अब्दुल्ला को जमानत दे दी थी। इसके बाद से आजम खान के अधिवक्ता उनके मामलों में जमानती प्रस्तुत कर रिहाई के प्रयास में जुटे थे।

शनिवार को न्यायालय ने आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला की रिहाई के लिए सभी मामलों में परवाने जारी कर दिए थे। इसकी भनक लगते ही शाम पांच बजे से बड़ी संख्या में आजम खान के समर्थक जिला कारागार के गेट पर जुटने शुरू हो गए।

तभी लगभग आधा दर्जन गाड़ियों से जेल पहुंची ईडी की टीम के अधिकारियों ने जेल के अंदर प्रवेश किया। समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए सीआरपीएफ के साथ भारी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

शाम सात बजे के बाद आजम और अब्दुल्ला जेल के गेट से बाहर निकले। इसी दौरान ईडी के अधिकारियों ने आजम खान को उनके गिरफ्तारी वारंट दिखाए और अपनी गाड़ी में बैठाकर चले गए।

एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन का दुरुपयोग करने के मामले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने आजम खान और उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच फर्मों के खिलाफ अजीम नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

आरोप है कि विश्वविद्यालय निर्माण पर खर्च हुए कुल बजट 494.46 करोड़ में 416.14 करोड़ रुपये का जौहर ट्रस्ट हिसाब नहीं दे पाया है। इसे ब्लैक मनी माना जा रहा है।

निर्माण कार्य में आजम खान पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर सरकारी बजट से 85.81 करोड़ रुपये खर्च करने का भी आरोप है। ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी: 426 करोड़ की संपत्ति कुर्की के बाद चंदे-खर्च की जांच तेज, आजम खान के करीबियों पर गिरफ्तारी की तलवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।