विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिलासपुर में धंसा अंग्रेजों के जमाने का भाखड़ा डैम, 8 फीट गहरा गड्ढा होने से हड़कंप; बाल-बाल बचे मासूम

Published: Tue, 08 Sep 2026 09:43 PM (IST)

बिलासपुर में अंग्रेजों के जमाने के भाखड़ा डैम की सड़क अंदरूनी रिसाव के कारण धंस गई, जिससे 7-8 फीट गहरा ...और पढ़ें

भाखड़ा डैम के बराबर बांध पर धंसी सड़क धंसी। जागरण

भाखड़ा डैम के बराबर बांध पर धंसी सड़क धंसी। जागरण

HighLights

  1. टनल बंद करने के दौरान अंदरूनी रिसाव से हुआ हादसा, अंग्रेजों के जमाने का है भाखड़ा डैम का बांध

संवाद सहयोगी, बिलासपुर (रामपुर)। नगर में अंग्रेजों के जमाने के भाखड़ा डैम पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। डैम में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के दबाव और अंदरूनी हिस्से में पानी के भारी रिसाव के कारण दाई दिशा में बना बांध अचानक भरभराकर धंस गया।

इस कारण डैम के ऊपरी हिस्से पर करीब सात से आठ फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा हो गया, जिससे बांध की सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह जमींदोज हो गया। इसकी खबर आग की तरह फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद प्रशासन को सुरक्षा घेरा तैयार करना पड़ा।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि डैम की सुरक्षा और जल नियंत्रण को सुचारू करने के लिए विभाग की एक विशेष तकनीकी टीम पिछले दो सप्ताह से बांध की एक पुरानी अंदरूनी सुरंग को बंद करने के प्रयास में जुटी हुई थी। इसी प्रक्रिया के दौरान डैम के भीतरी भाग से अचानक पानी का तेज रिसाव शुरू हो गया।

79853595

पानी के इस बहाव ने बांध के भीतर की बेस मिट्टी को पूरी तरह काट दिया और खोखला कर दिया। मंगलवार दोपहर मिट्टी के पूरी तरह बैठ जाने से ऊपरी पक्की सड़क ताश के पत्तों की तरह ढह गई। डैम पर खतरे की सूचना मिलते ही जिले के आला अधिकारी तुरंत एक्टिव मोड में आ गए।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी डाॅ. नितिन मदान और एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उनके साथ तकनीकी मुआयने के लिए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन कुमार सिंह और लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्णवीर सिंह भी मौजूद रहे।

स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने भी प्रभावित स्थल का जायजा लिया और राहत कार्यों में सहयोग का भरोसा दिया। प्रशासन ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सबसे पहले प्रभावित खौंदलपुर मार्ग और बांध के आसपास के क्षेत्र में बैरिकेडिंग करवा दी है।

किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आम जनता और वाहनों के आवागमन को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। मौके पर लोगों को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि भाखड़ा डैम सिंचाई विभाग के अंतर्गत आता है। बांध के टाप पर मिट्टी धंसने की वजह से एक बड़ा होल हुआ है।

यद्यपि यह रास्ता मुख्य यातायात के लिए इस्तेमाल नहीं होता है, लेकिन लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं, जो खतरनाक हो सकता है। पूरे प्रभावित क्षेत्र को बैरिकेड कर सील कर दिया गया है। बच्चों और युवाओं को इस क्षेत्र से दूर रखने की हिदायत दी गई है। सिंचाई विभाग स्थिति का बारीकी से तकनीकी आकलन कर रहा है ताकि जल्द क्षतिग्रस्त हिस्से की चरणबद्ध तरीके से मरम्मत कराई जा सके।

अधिशासी अभियंता सिंचाई नवीन कुमार सिंह ने बताया कि टनल को बंद करने के प्रयास के दौरान अंदरूनी सीपेज होने से यह हादसा हुआ है। तकनीकी टीम मौके पर जमी हुई है। नुकसान का पूरा खाका तैयार किया जा रहा है ताकि बांध की मजबूती को बिना प्रभावित किए इसकी स्थाई मरम्मत जल्द शुरू की जा सके।

बाल बाल बचे मासूम, हो सकता था बड़ा हादसा

सड़क धंसने से चंद सेकेंड पहले ही कुछ मासूम वहां से हंसते खेलते गुजरे थे। यह बच्चे डैम किनारे स्थित एक धार्मिक स्थल पर घूमने के लिए जा रहे थे। उनके गुजरने के कुछ सैकेंड बाद ही सड़क धंस गई और आठ फीट गहरी खाई में तब्दील हो गई। जिससे मासूम बाल बाल बच गए तथा उनके स्वजन ने ईश्वर का धन्यवाद किया।

पुल की दरारों का भी किया निरीक्षण

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने डैम का निरीक्षण करने के बाद भाखड़ा डैम के पुल का भी निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने पुल भी आईं दरारों को लेकर लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्णवीर सिंह को निर्देशित भी किया। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द दूर किये जाने का आदेश दिया।

पानी बढ़ा तो हो सकता है डैम के लिए खतरा

भाखड़ा डैम किनारे आठ फीट गहरा होल हो जाने के बाद जहां लोगों में चर्चा है कि अगर बारिश के कारण डैम के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होती है तो खतरा बढ़ सकता है। डैम को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। प्रशासन ने इन सभी अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है।

यह भी पढ़ें- भाखड़ा डैम पुल की अप्रोच रोड धंसने से खलबली, दरार देख घबराए लोग; PWD शुरू कराएगा मरम्मत