रामपुर के स्वार में CBI की बड़ी कार्रवाई: 7 घंटे तक खंगाले मोबाइल और लैपटॉप, वजह जानकर चौंक जाएंगे आप
सीबीआई ने रामपुर के स्वार में एक घर पर साढ़े सात घंटे तक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन और एक लैपटॉप की गहन जांच की गई। सी ...और पढ़ें

रामपुर के स्वार में जमील कुरैशी के घर बाहर खड़ा पुलिस वाहन और छापेमारी के दौरान गेट पर तैनात पुलिस
संवाद सहयोगी, स्वार (रामपुर)। दिल्ली से सेंट्रल ब्यूरो इंवेस्टिगेशन (सीबीआई) की टीम ने मंगलवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से स्वार के मुहल्ला रसूलपुर स्थित एक मकान पर सर्च अभियान चलाया। करीब साढ़े सात घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन और एक लैपटॉप की गहन जांच की। चर्चा है कि लैपटाप और मोबाइल का उपयोग प्रतिबंधित पोर्न फिल्म देखने और उसे शेयर करने में किया गया। दिनभर लोगों के बीच कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे सीबीआई की टीम में शामिल सीओ, तीन इंस्पेक्टर, एक महिला इंस्पेक्टर तथा तीन उपनिरीक्षक रैंक के अधिकारियों के साथ स्वार कोतवाली पहुंचे। यहां से स्थानीय पुलिस के उपनिरीक्षक महेश कुमार को साथ लेकर टीम मुहल्ला रसूलपुर स्थित जमील कुरैशी के आवास पर पहुंची।
टीम ने घर के मुख्य गेट पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। कार्रवाई के दौरान परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच की। साथ ही जमील कुरैशी के छोटे बेटे अली रजा जो तहसील में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी के रूप में कार्यरत हैं, का लैपटॉप भी जांच के लिए ले लिया।
अधिकारियों ने मोबाइल फोन और लैपटॉप के डेटा की जांच कर आवश्यक डिजिटल जानकारी अपने उपकरणों में सुरक्षित कर ली। स्वजन के अनुसार कार्रवाई के दौरान उनसे किसी प्रकार की पूछताछ नहीं की गई। पूछने पर अधिकारियों ने केवल इतना बताया कि एक मुकदमे की विवेचना के सिलसिले में न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी
करीब साढ़े सात घंटे तक चली तलाशी के बाद सीबीआई टीम आवश्यक डिजिटल डेटा अपने साथ लेकर वापस लौट गई। हालांकि मामले के संबंध में अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
सीबीआई की कार्रवाई से परिवार में खलबली
सीबीआई की कार्रवाई से रसूलपुर निवासी जमील कुरैशी का परिवार पूरी तरह सदमे में आ गया। जमील कुरैशी ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा अमान कुरैशी केरल में सैलून चलाता है। दूसरा बेटा इंतेकाब कुरैशी पुणे में सिलाई का काम करता है, जबकि सबसे छोटा बेटा अली रजा तहसील में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी के रूप में कार्यरत है। वह स्वयं मीट की दुकान चलाते हैं।
बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन की जांच की तथा अली रज़ा के लैपटॉप का डेटा भी अपनी डिवाइस में कॉपी किया। जमील कुरैशी के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि वे एक मुकदमे की विवेचना कर रहे हैं और न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि जांच से जुड़े मामले के संबंध में कोई अन्य जानकारी साझा नहीं की गई।