यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रामपुर में नड्डा ने I.N.D.I.A को बताया घमंडिया गठबंधन, बोले- मोदी GYAN के रास्ते पर चल रहे
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को रामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सांसद घनश्याम सिंह लोधी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रामपुर। रामपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आईएनडीआईए को घमंडिया गठबंधन बताया। परिवारवाद पर भी तीखा हमला बोला और केंद्र सरकार के विकास कार्य भी गिनाए। नड्डा ने कहा, ''मोदी जी ज्ञान (GYAN) के रास्ते पर चल रहे हैं। उन्होंने इसकी परिभाषा भी समझाई। जी मतलब गरीब, वाई मतलब युवा, ए मतलब अन्नदाता और एन मतलब नारी शक्ति।''
नड्डा बोले, एक जमाने में रामपुर अपराध और चाकू के लिए मशहूर था। आज रामपुर का वायलिन दुनिया में मशहूर है। पीएम मोदी की वजह से विकास तेजी से हो रहा है। यह चुनाव घनश्याम सिंह लोधी का नहीं, मोदी का चुनाव है। मोदी जी ने राजनीति की संस्कृति को बदला है। आज भारत पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया।
'पहले वोट बैंक की राजनीति होती थी'
पहले वोट बैंक की राजनीति होती थी, जातिवाद की राजनीति होती थी। लोगों को बांटकर राजनीति करते थे।
अब सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास को लेकर चल रहे हैं।
पांच साल में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा भारत: नड्डा
नड्डा ने कहा, आज भारत जापान को पछाड़कर ऑटोमोबाइल मार्केट में तीसरे नंबर की मार्केट बन गया है। पांच साल में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा। मोदी ने चिंता की गरीब की। किसानों की, हर पिछड़े की। आज 25 करोड़ लोग गरीबों की रेखा का ऊपर उठ गए। रामपुर में पहले माफियाराज था, आज मोदी और योगी की वजह से तस्वीर बदली है।