रामपुर पहुंची प्रयागराज पुलिस, सीनियर डॉक्टर मोहनीस अली को हिरासत में लिया, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
प्रयागराज पुलिस ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहनीस अली को हिरासत में लिया है, जिससे उनके परिवार में आक्रोश है। ...और पढ़ें

HighLights
प्रयागराज पुलिस ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहनीस अली को हिरासत में लिया।
परिवार ने पुलिस पर बर्बरता और मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाया।
गर्भवती बहन से भी अभद्रता, मुख्यमंत्री से शिकायत की तैयारी।
जागरण संवाददाता, रामपुर। प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहनीस अली को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके गांव में भी आक्रोश है। केमरी थाना क्षेत्र के गांव लालानगला निवासी चिकित्सक के स्वजन ने प्रयागराज पुलिस पर बर्बरता, अभद्रता और मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि एक प्रतिष्ठित और समाज के सम्मानित नागरिक के साथ पुलिस ने अपराधियों जैसा व्यवहार किया। यहां तक कि घर की महिलाओं और गर्भवती बहन को भी नहीं बख्शा गया।
डॉ. मोहनीस अली की बहन व दंत चिकित्सक डॉ. सिम्मी अली ने बताया कि मंगलवार तड़के जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी प्रयागराज पुलिस की टीम अचानक उनके आवास पर धमक पड़ी।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने आते ही अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। जब उनसे इस तरह अचानक आने और भाई को हिरासत में लेने का कारण पूछा गया तो पुलिस ने जानकारी देने से इनकार कर दिया।
कहा कि गर्भवती होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ जोर-जबरदस्ती की और उन्हें पीछे धकेल दिया, जबकि उनके साथ कोई महिला पुलिस कर्मी भी मौजूद नहीं थी।
कहा कि वे पूरी घटना और पुलिस की इस तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई की लिखित शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर करेंगी।
परिवार ने साफ किया है कि वे कानून व्यवस्था का सम्मान करते हैं, लेकिन जांच के नाम पर किसी निर्दोष चिकित्सक और उसके परिवार को प्रताड़ित करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
एसपी सोमेंद्र मीना का कहना है कि जांच में पता चला है कि प्रयागराज में हुए सड़क हादसे में महिला अधिवक्ता की मौत से संबंधित प्रकरण में पुलिस डाक्टर मोहनीस को अपने साथ ले गई है।