अपने घर का सपना अब होगा पूरा, रामपुर में 810 परिवारों को जल्द मिलेगा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ
रामपुर जिले में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 810 गरीब परिवारों को जल्द ही पक्के आवास मिलेंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
810 गरीब परिवारों को मिलेंगे पक्के आवास।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत चयन।
प्रत्येक लाभार्थी को 1.20 लाख रुपये की सहायता।
जागरण संवाददाता, रामपुर। जिले के गरीब और आवासविहीन परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले के 810 पात्र लाभार्थियों को जल्द ही पक्के आवास मिलने की उम्मीद है। इन लाभार्थियों का चयन कर उनकी सूची आनलाइन पोर्टल के माध्यम से शासन को भेजी गई है। अब शासन स्तर से धनराशि आवंटित होने का इंतजार है। धनराशि जारी होते ही लाभार्थियों के आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
वर्ष 2024 में जीरो पॉवर्टी योजना के तहत जिले में गरीब परिवारों का सर्वे कराया गया था। जिले की 680 ग्राम पंचायतों के सर्वे के दौरान 14,164 गरीब परिवार चिह्नित हुए थे। इनमें आर्थिक और सामाजिक स्थिति के आधार पर पात्र परिवारों का चयन विभिन्न योजनाओं के लिए किया जा रहा है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए 810 परिवारों को चयनित किया गया है। चयनित लाभार्थी जिले के सभी छह विकास खंड क्षेत्रों से संबंधित हैं। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को पक्का आवास निर्माण के लिए करीब 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलने की संभावना है। यह धनराशि मिलने से लंबे समय से कच्चे मकानों, झोपड़ियों अथवा असुरक्षित आवासों में रहने वाले गरीब परिवारों को अपना पक्का घर मिल सकेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी ऐसे परिवार हैं, जिनके पास रहने के लिए सुरक्षित और स्थायी आवास नहीं है। बारिश, सर्दी और गर्मी के मौसम में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण गरीब परिवारों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें- हिंदू नाम बताकर जीएनएम छात्रा से दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर धर्म परिवर्तन का दबाव; मिलक में हड़कंप
चयनित लाभार्थी सबसे अधिक स्वार क्षेत्र के
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में चयनित 810 लाभार्थियों में सबसे अधिक 220 लाभार्थी विकास खंड स्वार क्षेत्र के ग्रामों के शामिल हैं। यह ब्लाक स्वार व टांडा दो तहसीलों का एक ही जनपद का सबसे बड़ा विकास खंड हैं। इसके अलावा शाहबाद विकास खंड में 170, सैदनगर में 97, मिलक में 92, चमरौआ में 75 और बिलासपुर विकास खंड क्षेत्र के 156 लाभार्थी चयनित हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 810 लाभार्थियों की सूची तैयार कर शासन को भेजी गई है। अब धनराशि का आवंटन होते ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। चयनित परिवारों को उम्मीद है कि जल्द ही उनके पक्के घर का सपना साकार होगा। प्रशासन भी योजना के क्रियान्वयन को लेकर तैयारियों में जुटा है, ताकि धनराशि मिलने के बाद आवास निर्माण का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके। शौचालय नहीं होने की स्थिति में इन लाभार्थियों का व्यक्तिगत शौचालय निर्माण समेत अन्य सुविधाओं का भी लाभ मिल सकता है।
हरिश चंद्र प्रजापति, जिला विकास अधिकार
