विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर में पुलिस एनकाउंटर का खौफ, जमानत तुड़वाकर जेल जा रहे गो तस्कर

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:31 PM (IST)

रामपुर में पुलिस की सख्ती और मुठभेड़ के डर से गो तस्कर अपनी जमानतें तुड़वाकर जेल जा रहे हैं। जनवरी से अब तक 24 गो तस्कर पकड़े गए हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पुलिस मुठभेड़ के डर से गो तस्कर जेल जा रहे।

  2. जनवरी से अब तक 24 गो तस्कर पकड़े गए, 19 घायल।

  3. पुलिस की सख्ती से अपराधियों में बढ़ा खौफ।

जागरण संवाददाता, रामपुर। गोवंशीय पशुओं को मांस बेचने के लिए मारने वाले गो तस्करों पर पुलिस सख्ती कर रही है। गोवंशीय पशु को मारने वाले अपराधी पुलिस मुठभेड़ में पकड़े जा रहे हैं। जनवरी माह से अब तक 24 गो तस्कर पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए, जिसमें 19 पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हुए हैं।

पुलिस के एनकाउंटर का खौफ इतना बढ़ गया है कि अब गो तस्कर खुद को जेल में अधिक सुरक्षित समझ रहे हैं। वे जमानतें तुड़वाकर जेल जा रहे हैं।

इनमें एक गो तस्कर केमरी थाना क्षेत्र के मुहल्ला गौढी का शकील है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में केमरी थाने में गोवध निवारण अधिनियम का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मुकदमे में उसके ससुर बिलासपुर कोतवाली के पिपलिया गांव के हनीफ ने जमानत ली थी। 21 सितंबर को ससुर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर शकील की जमानत वापस ले ली। इस पर न्यायालय ने उसके वारंट जारी किए और उसे जेल भेज दिया।

दूसरा मामला सैफनी थाना क्षेत्र के ललवारा गांव के कासिम का है। उसका नाम गो तस्करी के मुकदमे में प्रकाश में आया था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी था। उसके तीन साथियों को पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा था।

तीनों पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हुए थे, जिससे घबराकर 27 अगस्त को कासिम ने एक साल पुराने शस्त्र अधिनियम के मुकदमे में अपनी जमानत तुड़वा ली और जेल चला गया था। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह का कहना है कि पुलिस का खौफ अपराधियों में होना जरूरी है।

गोवंशीय पशुओं को मारने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गो तस्करी के मुकदमों में जमानत पर चल रहे 10 अपराधी जमानतें तुड़वाकर जेल जा चुके हैं।

इन गो तस्करों ने तुड़वाई जमानत

  • शावेज मुहल्ला घेर मर्दान खां थाना कोतवाली
  • शकील मुहल्ला गौढी कसबा व थाना केमरी
  • समीर ग्राम जुठिया थाना शहजादनगर
  • अजीम मुहल्ला असदुल्लापुर थाना मिलक
  • शरीफ ग्राम ओसी थाना शाहबाद
  • छोटे कसबा राजपुर थाना बिलासपुर
  • उवैश कसबा राजपुर थाना बिलासपुर
  • शाहिद ग्राम इन्ड्रा थाना भोट
  • असलम ग्राम टोडीपुरा थाना टांडा
  • दानिश मुहल्ला तीतर वाली पाखड़ थाना गंज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।