Delhi-Dehradun Economic Corridor की खामियां उजागर, बड़गांव कट पर किनारा धंसा, सड़क व किनारे पर डाली RCC के बीच दरार
Delhi-Dehradun Economic Corridor: मानसून की पहली बारिश ने दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर की खामियों को उजागर कर दिया है, जहां डामर सड़क और आरसीसी के ...और पढ़ें

बड़गांव कट के किनारे दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर का धंसा हुआ हिस्सा। जागरण
HighLights
काॅरीडोर की डामर सड़क और किनारे पर डाली गई आरसीसी के बीच लंबी दरार।
दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरीडोर का सहारनपुर जिले में लगभग 33 किमी हिस्सा।
संवाद सूत्र, जड़ौदा पांडा (सहारनपुर)। मानसून की पहली बरसात ने 12 हजार करोड़ से बने दिल्ली देहरादून-इकोनामिक काॅरीडोर की खामियाें को उजागर कर दिया। काॅरीडोर की डामर सड़क और किनारे पर डाली गई आरसीसी के बीच लंबी दरार आई है। बड़गांव कट से काॅरीडोर पर चढ़ते ही किनारे का एक हिस्सा धंसा है। प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि लगातार बरसात के चलते यह समस्या आई है। दोनों स्थलों पर मरम्मत का काम शुरू कराया जा चुका है।
दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरीडोर (दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे) का जिले में लगभग 33 किमी हिस्सा एनएचएआइ बागपत डिवीजन के अंतर्गत आता है। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून से काॅरीडोर का उद्घाटन किया था,इसके बाद से ही कारीडोर पर वाहन फर्राटा भर रहे है।
बुधवार से शुरू हुई तीन दिन चली बरसात के कारण बड़गांव कट से काॅरीडोर पर चढ़ाई की एक साइड की मिट्टी को रोकने के लिए डाली गई आरसीसी में दरार आई और एक हिस्सा टूटकर धंस गया, इसके बाद काॅरीडोर पर पहुंचते ही डामर सड़क की एक साइड के साथ मिट्टी पर डाली गई आरसीसी के बीच लगभग तीन मीटर तक दरार आ गई है।
बरसात के दौरान ही दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे (Delhi-Dehradun Greenfield Highway) पर कर्मचारियों द्वारा धंसे हिस्से की मरम्मत करने का प्रयास किया गया था, लेकिन मिट्टी गीली होने के कारण काम नहीं हो पाया था। सड़क किनारे आई दरार पर पन्नी डालकर बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि शनिवार को बरसात के रूकने पर दरार और मिट्टी के कटाव की समस्या आगे नही बढ़ सकी।
खबरें और भी
अधिकारियों का कहना है कि बरसात के दौरान उक्त दोनों स्थलों पर मरम्मत कराने में बाधा आ रही थी।अब दोनों स्थलों पर मरम्मत का काम शुरू कराया जा चुका है। टीम लगातार काॅरीडोर का भ्रमण कर रही है। उधर किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महासचिव विजयंत राणा का कहना है कि मानक के अनुरूप निर्माण न कराए जाने के कारण ही किनारे का हिस्सा धंसा और दरार भी आई है। अधिकारियों को निर्माण के दौरान रही कमियों की जांच करानी चाहिए।
काॅरीडोर पर डामर सड़क और आरसीसी के बीच आई दरार और मिट्टी के कटाव को ठीक कराने का काम शुरू कराया जा चुका है। लगातार चली बरसात के कारण यह समस्या आई है।
-शिव मोहन, प्रोजेक्ट मैनेजर दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरीडोर