Delhi-Dehradun Greenfield Highway पर प्रकाश व्यवस्था ठीक न होने से उद्घाटन में देरी, NHAI को PMO के संदेश की प्रतीक्षा
Delhi-Dehradun Greenfield Highway: दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन का यात्री और वाहन चालक इंतजार कर रहे हैं। हाईवे पर गणेशपुर टोल और बिहार ...और पढ़ें

हाईवे के डिवाइडर पर रंग-रोगन के काम में आई तेजी
HighLights
बिहारीगढ़ क्षेत्र में हाईवे पर लाइटिंग की व्यवस्था अभी सुचारू नहीं।
पहले भी कई बार बढ़ाई जा चुकी है ग्रीनफील्ड हाईवे के शुभारंभ की तिथि।
संवाद सूत्र, छुटमलपुर (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफिल्ड हाईवे पर फर्राटा भरने का सपना संजोए यात्री व वाहन चालक औपचारिक उद्घाटन की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
दिल्ली को देहरादून से केवल ढाई घंटे में जोड़ने वाले हाईवे के उद्घाटन की तिथि में एक बार फिर देरी हो रही है। अब संभावना है कि अब इसका शुभारंभ इस माह के दूसरे सप्ताह में होगा। देरी का एक कारण बिहारीगढ़ क्षेत्र में हाईवे पर लाइटिंग की व्यवस्था सुचारू नहीं होना भी माना जा रहा है। पहले शुभारंभ पहले सप्ताह में होने की आशा थी।
212 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून हाईवे को लेकर एक बार फिर टाइमलाइन पीछे खिसक गई है। लंबे समय से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुभारंभ का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि जनपद सहारनपुर की सीमा में आने वाले चरण तीन व चार में ग्रीन फील्ड हाईवे के 54 किमी पर वाहन तीन माह से फर्राटा भर रहे हैं।
एनएचएआइ के अधिकारी इस हाईवे के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समय लिए जाने को लेकर पीएमओ से संदेश की प्रतीक्षा में है। उल्लेखनीय है कि इस ग्रीनफील्ड के शुभारंभ की तिथि कई बार बढ़ाई जा चुकी है। पहले इसे दिसंबर 2024 तक पूरा किया जाना था।बाद में उद्घाटन की तिथि अक्टूबर 2025 तथा फिर दिसंबर 2025 रखी गई थी। परंतु सभी चार चरणों का काम पूरा न हो पाने के कारण उद्घाटन की तारीख लगातार आगे बढ़ती रही है।
दिसंबर माह में निरीक्षण को आए एनएचएआई के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने अधिकारियों को हाईवे का काम फरवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए थे। तीसरे व चौथे चरण के सहारनपुर व देहरादून क्षेत्र में पडने वाले 54 किलोमीटर लाखनौर से डाट काली मंदिर तक के मार्ग पर तीन माह से हल्के व भारी वाहन फर्राटा भर रहे हैं।
खबरें और भी
हाईवे का उद्घाटन अप्रैल के पहले सप्ताह में ही किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही थी। इसे देखते हुए एनएचएआई के अधिकारी अपनी तैयारी में भी जुटे हुए हैं। इसके लिए गणेशपुर टोल प्लाजा के निकट प्रधानमंत्री के हेलीकाप्टर को उतारे जाने के लिए हेलीपैड का निर्माण करने की प्रक्रिया भी जारी है।
हालांकि अब इस इस मैदान को समतल करके छोड़ दिया गया है। इसके बाद अन्य कोई कार्य दो दिन से यहां शुरू नहीं किया गया है।
काॅरिडोर को संवारने का काम जारी
एशिया के सबसे बड़े 12 किलोमीटर लंबे एलीवेटेड काॅरिडोर को सजाने संवारने के लिए रंगाई पुताई तथा साफ सफाई का कार्य तेजी से जारी है। इसके अलावा एनिमल अंडरपास तथा हाथी अंडरपास व सुरंग आदि को भी पेंटिंग डिजाइन आदि से आकर्षक बनाने की कवायद जारी है।
उद्घाटन की संभावनाओं के मद्देनजर डाट काली मंदिर तक जाने वाले मार्ग तथा रेलिंग आदि पर भी साफ सफाई का कार्य किया जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने आगमन के दौरान डाट काली मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंच सकते हैं। सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ही आयोजित होने की संभावना है।
रात में नहीं जल रहीं हाईवे की लाइटें
देहरादून क्षेत्र के गणेशपुर टोल से देहरादून की तरफ लगभग दो से ढाई किलोमीटर तक हाईवे पर लगी लाइटें रात में नहीं जल रही है। हाईवे का यह एरिया रात में पूरी तरह से अंधेरे के आगोश में रहता है। सहारनपुर क्षेत्र के गणेशपुर से बिहारीगढ़ पुल तक के क्षेत्र में भी सड़क के एक और लगी लाईटें भी नहीं जलती है। यहां भी रात में अंधेरा छाया रहता है।
इन्होंने कहा
गणेशपुर टोल के पास पिछले दो दिन से लाइट व्यवस्था खराब है जिसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उद्घाटन के लिए अभी कोई तारीख प्राप्त नहीं हुई है।
-सौरभ सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई देहरादून