देवबंद विधानसभा क्षेत्र: एक हजार करोड़ के विकास कार्य कराने का विधायक का दावा, कई काम कराना आज भी चुनौती
Uttar Pradesh MLA Report Card: देवबंद विधायक कुंवर बृजेश सिंह ने देवबंद विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल सहित लगभग एक हजार करोड़ के विकास कार ...और पढ़ें

देवबंद विधानसभा क्षेत्र।
HighLights
कई नई सड़कें बनवाईं और प्रमुख मार्गों का निर्माण व चौड़ीकरण कराया।
रोडवेज स्टैंड की दशा नहीं सुधरी और न ही रोडवेज बस डिपो की हुई स्थापना।
संवाद सहयोगी, देवबंद (सहारनपुर)। भाजपा विधायक एवं प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने देवबंद विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को न सिर्फ प्रमुखता से सदन में उठाया, बल्कि राजनीतिक गलियारों में सक्रियता के साथ ही क्षेत्र में आमजन के बीच मौजूदगी भी बनाए रखी। उनके सवा चार साल के कार्यकाल का आकलन करें तो क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ। दावा है कि विधानसभा क्षेत्र में करीब एक हजार करोड़ के विकास कार्य हुए। हालांकि कई बड़े कार्य करवाना उनके लिए अब भी चुनौती है।
ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण देवबंद विधानसभा क्षेत्र में विधायक बृजेश सिंह ने पीडब्ल्यूडी विभाग से कई नई सड़कें बनवाईं और प्रमुख मार्गों का निर्माण व चौड़ीकरण कराया। देवबंद को एटीएस कमांडो सेंटर देने के साथ ही तल्हेड़ी बुजुर्ग में बिजलीघर की स्थापना कराई।
नगर के विभिन्न वार्डों के विकास के साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण, देवीकुंड मेला ग्राउंड में वाटर टैंक का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय में साइंस की कक्षाओं के संचालन के लिए स्वीकृति और कालेज परिसर में नए भवन का निर्माण भी कराया।
हालांकि काफी समय से मांग के बावजूद युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण नहीं हो पाया। इसके अलावा न तो रोडवेज बस स्टैंड की दशा सुधरी और न ही यहां रोडवेज बस डिपो की स्थापना हो पाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं भी मुहैया नहीं हो पाई। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर देवबंदवासियों को टोल टैक्स मुक्त किया जाने की मांग भी पूरी नहीं हुई। इसके अलावा कई परियोजनाएं अधूरी हैं, जिनके पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
खबरें और भी
क्षेत्र में लगातार कराया है काम: विधायक
भाजपा विधायक कुंवर बृजेश सिंह का कहना है कि सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार काम कराया है। तल्हेड़ी बुजुर्ग में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना कराई। राजकीय महाविद्यालय में साइंस की कक्षाएं शुरू कराई। क्षेत्र में चारों ओर सड़कों का जाल बिछाया गया है। संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराने के साथ ही पुल और पुलियों का निर्माण कराया। पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ किया। प्रमुख मंदिरों का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण, देवबंद-रुड़की रेलमार्ग का निर्माण भी सरकार की खास उपलब्धि है। स्टेडियम के लिए जगह चिह्नित की जा रही है।
विधायक ने बताया कि सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री से बात हो चुकी है। रोडवेज बस स्टैंड की खुशखबरी जल्द ही क्षेत्र वासियों को मिलेगी। कई परियोजनाओं पर काम जारी है, बचे हुए कार्यकाल में इन्हें पूर्ण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी ने सात मई को 1,631 करोड़ की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास किया था। इनके पूरा होने के बाद देवबंद विधानसभा की दशा और दिशा में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
मूलभूत सुविधाओं को लेकर नहीं हुई कोई प्रगति: सपा उम्मीदवार
2022 के विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे समाजवादी पार्टी के कार्तिकेय राणा का कहना है कि देवबंद विधानसभा क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ा हुआ है। शिक्षा, बिजली, सड़क, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई प्रगति नहीं हुई है। स्वास्थ्य सेवाएं अपंग हैं और खासतौर पर देवबंद सीएचसी रेफरल सेंटर बना हुआ है। क्षेत्र में जगह-जगह होने वाले जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिली है।
देवबंद-चन्देना कोली मार्ग समेत विधानसभा क्षेत्र की बहुत सारी ऐसी सड़कें हैं, जो पूरी तरह खस्ताहाल हैं। विकास कार्य कराने के झूठे दावे किए जाते हैं। व्यापारियों, किसानों, युवाओं और बेरोजगारों समेत किसी भी वर्ग के लिए कोई भी ऐसा काम नहीं हुआ है, जिसका बखान किया जा सके।
जनता कहिन
विधायक बृजेश सिंह जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी हर क्षेत्र में विकास किया है। तल्हेड़ी बुजुर्ग में बिजलीघर स्थापना और भायला रेलवे फाटक पर चल रहा पूल निर्माण उनकी बड़ी उपलब्धि है।
-विशाल गर्ग, नगरवासी
क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछने और संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण होने से सफर सुगम हुआ है। क्षेत्र में काफी स्थानों पर पुल-पुलिया आदि के निर्माण से लोगों को बड़ी सुविधा हुई है। कोविड के दौरान आक्सीजन प्लांट स्थापना शानदार पहल थी। विधायक का संपूर्ण कार्यकाल बेहतरीन रहा।
-उमंग शर्मा, व्यापारी।
सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली। क्षेत्र में कल-कारखानों का अभाव है। यदि औद्योगिक इकाइयां स्थापित हों तो युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। नगर में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण बेहद जरूरी है। मिनी स्टेडियम नहीं होने से क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं पिछड़ रही हैं।
-ठा. सुरेंद्रपाल सिंह, अधिवक्ता।
विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में काम किए जाने की जरूरत है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों का अभाव है। चिकित्सीय सुविधाएं नहीं होने के कारण यहां से गंभीर मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है।
-अतुल चौधरी, गांव कुरलकी